17 सितंबर से शुरू होगा बिहार का ‘सेवा संकल्प अभियान’, मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

Share

पटना, 11 सितंबर। बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में शुक्रवार को पटना में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों और सफल क्रियान्वयन को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। बैठक में राज्य के विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव एवं सचिव मौजूद रहे, जबकि सभी जिलों के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

13 प्रमुख घटकों की विभागवार समीक्षा

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने अभियान के सभी 13 प्रमुख घटकों की विभागवार तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने और अभियान के कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी अभियान की शुरुआत

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत राज्य के प्रत्येक घर के साथ-साथ प्रत्येक जिले के कम से कम 10 प्रमुख और प्रतीकात्मक सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन कराया जाएगा।

इसके लिए जीविका, नगर निकायों और जन वितरण प्रणाली के माध्यम से लाभार्थियों तक दीये पहुंचाए जाएंगे।

स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं

17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सभी सरकारी और निजी स्कूलों में ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत ‘विकसित भारत संकल्प’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। इसी दौरान अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का भी आयोजन किया जाएगा।

नुक्कड़ नाटकों से योजनाओं की जानकारी

जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘सेवा स्मरण’ के तहत पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों और योजनाओं पर आधारित 18 से 20 नाट्य टोलियां गठित की जाएंगी। ये टोलियां स्कूलों, कॉलेजों और पंचायतों में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करेंगी। 2 अक्टूबर को विशेष मंचन भी किया जाएगा।

आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आयोजन

25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आयोजन होगा। इसमें आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, लाभार्थी माताओं से संवाद तथा बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

‘कहानी बदलाव की’ में दिखेगा योजनाओं का असर

सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सामने लाने के लिए ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के तहत वास्तविक रील्स और लघु वीडियो का संकलन किया जाएगा। इसके आधार पर जिला और राज्य स्तर पर डिजिटल डेटा-बैंक तैयार किया जाएगा।

वहीं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत राज्य और जिलों में पदयात्रा, साइकिल एवं बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। इसमें ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक शामिल होंगे। यात्रा के समापन पर ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।

बिहार में यात्रा के पड़ावों पर होगा भव्य स्वागत

राष्ट्रव्यापी ‘वडनगर से वाराणसी (जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा)’ के बिहार से गुजरने के दौरान पड़ाव स्थलों पर स्वागत, सुरक्षा, ठहरने और स्थानीय लाभार्थियों के साथ संवाद की व्यवस्था की जाएगी।

तालाब और छठ घाटों की होगी सफाई

जनभागीदारी बढ़ाने के लिए ‘सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत तालाबों और छठ घाटों की सफाई, पौधारोपण तथा स्वच्छता से जुड़ी 25 गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो स्थलों पर प्रत्यक्ष और दिखाई देने वाला बदलाव सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

मानव रंगोली और 108 मीटर का ‘भारत मंडला’

‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम के तहत नगर निकायों के प्रमुख स्थलों पर मानव रंगोली बनाई जाएगी। चयनित शहरों में 108 मीटर व्यास का ‘भारत मंडला’ भी तैयार किया जाएगा, जिसका ड्रोन के माध्यम से कवरेज कराया जाएगा।

युवाओं और स्टार्टअप्स के लिए ‘नवाचार चुनौती’

स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान तलाशने के लिए ‘नवाचार चुनौती’ शुरू की जाएगी। इसके तहत उद्योग विभाग और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों और स्टार्टअप्स से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।

वहीं ‘जनसेवक महाकुंभ’ के तहत पंचायतों और नगर निकायों के सक्रिय एवं योग्य जनप्रतिनिधियों की सूची तैयार कर उनकी राज्यस्तरीय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

’25 साल, 25 कहानियां’ के जरिए उपलब्धियों का राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन

अभियान के अंतिम घटक ’25 साल, 25 कहानियां (राष्ट्रीय अनबॉक्सिंग)’ के तहत राज्य और जिला स्तर की प्रमुख उपलब्धियों से संबंधित तथ्यात्मक सामग्री एवं क्यूरेटेड किट्स तैयार की जाएंगी। इनके राष्ट्रीय स्तर पर समयबद्ध समन्वय और वितरण की व्यवस्था की जाएगी।

मार्च 2027 तक चलेगा ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’

बैठक में बताया गया कि मुख्य अभियान के साथ बिहार में 17 सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ भी चलाया जाएगा। इसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, पंचायती राज तथा नगर विकास एवं आवास विभाग से जुड़े कार्य किए जाएंगे।

मरम्मत कार्य 30 नवंबर तक, नए निर्माण मार्च तक पूरे करने का लक्ष्य

संबंधित विभागों को सभी प्रकार के मरम्मत कार्य 30 नवंबर 2026 तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है। सभी सरकारी भवनों का रंग-रोगन दिवाली तक पूरा कराने तथा स्वीकृत नए निर्माण कार्यों को मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा करने की समयसीमा तय की गई है।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को अभियान के सभी कार्यक्रमों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने और जनभागीदारी के साथ प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930