सदर अस्पताल में मंत्री इरफान अंसारी का औचक निरीक्षण, दो अधिकारियों को शो-कॉज

Share

अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश, मरीजों के इलाज में लापरवाही पर दी कार्रवाई की चेतावनी

जामताड़ा, 12 नवंबर। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को जामताड़ा सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंत्री के अचानक अस्पताल पहुंचने से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में अनुपस्थित पाए गए दो अधिकारियों को शो-कॉज नोटिस जारी करने के साथ उनका एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया।

वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों से लिया फीडबैक

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का जायजा लिया और मरीजों से सीधे बातचीत कर उनके इलाज, दवाओं तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों का ड्यूटी रोस्टर भी जांचा और चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करने का निर्देश दिया।

मंत्री ने स्पष्ट कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है।

अस्पताल में एक मरीज के साथ एक ही अटेंडेंट को मिलेगी अनुमति

मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अस्पताल में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में प्रत्येक मरीज के साथ केवल एक अटेंडेंट को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, ताकि वार्डों में अनावश्यक भीड़ न हो और मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

उन्होंने कहा कि झंडा और लाठी लेकर अस्पताल पहुंचकर हंगामा करने तथा अस्पताल परिसर में राजनीतिक गतिविधियां संचालित करने वालों पर रोक लगाई जाएगी। मंत्री ने स्पष्ट किया कि अस्पताल मरीजों के इलाज के लिए है, राजनीति का अड्डा नहीं।

डॉक्टरों की सुरक्षा और नियुक्ति पर दिया भरोसा

मंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्व में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से अस्पताल में मारपीट और हंगामा किए जाने के कारण डॉक्टर भयभीत होकर यहां से चले गए थे। उन्होंने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना जरूरी है, ताकि डॉक्टर बिना किसी दबाव के मरीजों का इलाज कर सकें।

डॉ. अंसारी ने जामताड़ा में जल्द अतिरिक्त डॉक्टरों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने जिले में ही मिलें और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए उन्हें दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़े।

मंत्री के इस निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्था, अधिकारियों की उपस्थिति, चिकित्सकों की उपलब्धता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30