बिहार विधानसभा मानसून सत्र का तीसरा दिन आज, 13 विधेयक पारित कराने की तैयारी, विपक्ष के हंगामे के आसार

Share

पटना। बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है, जिसमें सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराने की तैयारी में है। सत्र के पहले दिन सात विधेयक पेश किए गए थे और 87,383 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट भी सदन में रखा गया था, जबकि दूसरे दिन कुल छह विधेयकों को मंजूरी दी गई।

मंगलवार को पास हुए प्रमुख विधेयक

मंगलवार को जिन विधेयकों को सदन से स्वीकृति मिली, उनमें बिहार जुआ प्रतिषेध विधेयक 2026, बिहार माल और सेवा कर (GST) संशोधन विधेयक 2026, भूमि दाखिल-खारिज संशोधन विधेयक 2026, बिहार नर्सेज पंजीकरण संशोधन विधेयक 2026, बिहार चीनी उपक्रम अर्जन संशोधन विधेयक 2026 और बिहार चिकित्सा संशोधन विधेयक 2026 शामिल हैं।

आज 13 विधेयक पास कराने की तैयारी

सरकार आज सदन में 13 विधेयकों को पारित कराने की तैयारी में है। इनमें नगर विकास, पंचायती राज, उच्च शिक्षा और उद्योग से जुड़े कई अहम प्रस्ताव शामिल हैं। प्रमुख विधेयकों में बिहार नगर विकास विधेयक 2026, बिहार निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2026, बिहार विशिष्ट विश्वविद्यालय विधेयक 2026, बिहार पंचायती राज संशोधन विधेयक 2026, बिहार दुकान एवं प्रतिष्ठान विधेयक 2026, भारतीय स्टांप (बिहार संशोधन) विधेयक 2026, निबंधन संशोधन विधेयक 2026, बिहार ईज ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक 2026, बिहार कारा एवं सुधारात्मक सेवा विधेयक 2026 और बिहार अपराध नियंत्रण संशोधन विधेयक 2026 शामिल हैं।

इसके अलावा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नए विश्वविद्यालयों से जुड़े विधेयक भी पेश किए जाएंगे, जिनमें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं कंप्यूटर विज्ञान विश्वविद्यालय, बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय संशोधन और शहीद जुब्बा सहनी वास्तु कला एवं सैनिक अभियंत्रण विश्वविद्यालय से संबंधित विधेयक शामिल हैं।

11 बजे से शुरू होगी कार्यवाही

विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11:00 बजे से शुरू होगी। प्रश्नकाल के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों के जवाब दिए जाएंगे। ध्यानाकर्षण के तहत कृषि विभाग और गन्ना उद्योग विभाग से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा होगी, जिन पर संबंधित मंत्री जवाब देंगे।

विपक्ष के तेवर तेज

आज के सत्र में विपक्ष के तेवर तीखे रहने की संभावना है। पेपर लीक, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा जा सकता है। साथ ही राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में भी सदन में जोरदार प्रदर्शन होने के आसार हैं।

आज का दिन बिहार विधानसभा में काफी अहम माना जा रहा है, जहां एक ओर सरकार विधायी कामकाज को तेजी से आगे बढ़ाना चाहती है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष के विरोध के कारण सदन में हंगामे की स्थिति बन सकती है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930