पटना, 25 जुलाई। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 30 जुलाई को होने वाले मतदान से पहले सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी अपने चुनाव अभियान को गति देने के लिए वरिष्ठ नेताओं को मैदान में उतार दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा पहले से ही चुनाव प्रचार में सक्रिय हैं। इसी क्रम में शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी पटना पहुंचे।
एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत
पटना एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नितिन नवीन का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर चुनाव प्रचार की तैयारियों और रणनीति की समीक्षा की। बैठक में बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान, प्रचार की गति और मतदान दिवस तक की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे चुनावी सभा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार शाम छह बजे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मंदिरी नाला (गोलघर मंडल) में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और एनडीए सरकार की नीतियों को जनता के सामने रखेंगे। साथ ही मतदाताओं से एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे।
ऋतुराज सिन्हा के कई जनसंपर्क कार्यक्रम
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा भी शनिवार को बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कई जनसंपर्क और संवाद कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वह विभिन्न वर्गों के लोगों से मुलाकात कर भाजपा और एनडीए सरकार की नीतियों तथा विकास कार्यों की जानकारी देंगे।
उनके कार्यक्रमों में अन्नपूर्णा भवन में सार्वजनिक बैठक, रोटरी भवन में प्रबुद्धजनों के साथ संवाद, गौतम नगर स्थित पल्स पैलेस में महिला संवाद कार्यक्रम, कच्ची तालाब क्षेत्र में जनसभा तथा मीठापुर में समाज के प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठक शामिल है।
चुनाव प्रचार ने पकड़ी रफ्तार
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि वरिष्ठ नेताओं की सक्रिय भागीदारी से चुनाव प्रचार को और गति मिलेगी तथा पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का चुनाव अभियान अब निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुका है।






