पूर्णिया में रिश्वतखोरी का पर्दाफाश, जेई समेत तीन बिजली कर्मी गिरफ्तार, घरेलू कनेक्शन के नाम पर मांगे जा रहे थे 15 हजार रुपये, निगरानी टीम ने रंगे हाथ पकड़ा

Share

पूर्णिया, 06 अगस्त । पूर्णिया जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष निगरानी इकाई की टीम ने गुरुवार को कृत्यानंद नगर स्थित बिजली कार्यालय में छापेमारी कर कनीय अभियंता (जेई) समेत तीन बिजली कर्मियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

शिकायत के बाद बनी कार्रवाई की रणनीति

विशेष निगरानी इकाई के इंस्पेक्टर अविनाश कुमार झा ने बताया कि बखरीकोल निवासी राजेश कुमार साह ने विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि घरेलू बिजली कनेक्शन देने के बदले कनीय अभियंता भरत मलिक 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।

शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने कार्रवाई की योजना तैयार की और छापेमारी की।

10 हजार रुपये लेते ही पकड़े गए आरोपी

पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपी को 10 हजार रुपये दिए। यह राशि कनीय अभियंता के तकनीकी सहयोगी आशुतोष पांडे ने अपनी जेब में रख ली। इसी दौरान मौके पर मौजूद निगरानी टीम ने कार्रवाई करते हुए कनीय अभियंता भरत मलिक, तकनीकी सहयोगी आशुतोष पांडे और पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पहले भी ले चुके थे रिश्वत

इंस्पेक्टर के अनुसार, आरोपी कनीय अभियंता इससे पहले भी शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये ले चुका था। शेष 10 हजार रुपये लेते समय तीनों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

आगे की कार्रवाई जारी

फिलहाल विशेष निगरानी इकाई की टीम तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930