पटना। बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी और यूनाइटेड किंगडम (यूके) के कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) मंत्री कनिष्क नारायण ने शनिवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा से पटना स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान बिहार में तकनीकी विकास, युवाओं की भूमिका और एआई के संभावित उपयोग पर चर्चा हुई।
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि आज दुनिया तेजी से वैश्विक हो रही है और बिहार भी तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की युवा पीढ़ी में अपार क्षमता है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास का मजबूत आधार तैयार हुआ है।
उन्होंने बताया कि एआई तकनीक का उपयोग स्वास्थ्य, कृषि और सेवा क्षेत्रों में किया जा सकता है। बिहार कृषि प्रधान राज्य है और एआई के माध्यम से कृषि उत्पादन और सेवाओं में सुधार संभव है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में बिहार तकनीक और विकास के क्षेत्र में अन्य राज्यों के बराबर खड़ा होगा।
इस मौके पर कनिष्क नारायण ने 20 से अधिक वर्षों बाद बिहार लौटने पर खुशी जताई और राज्य में हुए बदलाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनका जन्म बिहार में हुआ और लंबे समय बाद लौटकर राज्य की प्रगति देखना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जैसे ब्रिटेन में एआई के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है, उसी तरह बिहार भी तकनीकी भविष्य की ओर बढ़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि कनिष्क नारायण का जन्म मुजफ्फरपुर में हुआ था और वे बचपन में अपने परिवार के साथ ब्रिटेन चले गए थे। वर्तमान में वे यूनाइटेड किंगडम के एआई मंत्री हैं और करीब 23 वर्षों बाद बिहार लौटे हैं। इस दौरान वे अपने गृह जिले मुजफ्फरपुर भी जाएंगे।





