नागपुर-रायपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक के पीछे जा घुसी बोलेरो; 9 की मौत के बाद PM ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख

Share

मुंबई, 11 सितंबर । महाराष्ट्र के भंडारा जिले की लाखनी तहसील में पिंपलगांव के पास नागपुर-रायपुर हाइवे पर शुक्रवार सुबह ट्रक और बोलेरो की टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को भंडारा के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है।

खड़े ट्रक से टकराई बोलेरो

हाइवे पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ की कुछ महिलाएं और अन्य मजदूर बोलेरो से नागपुर की ओर जा रहे थे। लाखनी के पिंपलगांव इलाके में पेट्रोल पंप और भाऊचा ढाबा के पास हाइवे किनारे खड़े ट्रक से बोलेरो अचानक टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो में सवार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में छह महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं।

स्थानीय लोगों की मदद से चलाया गया राहत अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही गड़ेगांव स्थित हाइवे पुलिस रिलीफ सेंटर के प्रमुख रवींद्र रेवतकर अपने सहयोगियों और भंडारा पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे।

स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस और बचाव दल ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया में जुटी है।

घायलों में कई की हालत गंभीर

हादसे में घायल नौ लोगों को भंडारा के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

नांदेड सड़क हादसे पर प्रधानमंत्री ने जताया दुख

इसी बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र के नांदेड में हुए सड़क हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को दो लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

पीएम मोदी ने जताई संवेदना

प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि नांदेड में हुए हादसे में लोगों की मौत से वह दुखी हैं और उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।

उपराष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष ने भी जताया दुख

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी नांदेड सड़क हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और हादसे से प्रभावित परिवारों को इस दुख की घड़ी में शक्ति मिलने की प्रार्थना की।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930