देवघर, 06 अक्टूबर। झारखंड के देवघर में अपराधियों ने एटीएम चोरी की ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने पुलिस को भी जांच में उलझा दिया है। अपराधियों ने पहले गैस कटर से एसबीआई के एटीएम को काटकर अलग किया, फिर पूरी मशीन को करीब 500 मीटर तक घसीटकर सुनसान स्थान पर ले गए। इसके बाद पहले से खड़ी कार में एटीएम को लादकर फरार हो गए।
एटीएम में उस समय कितनी नकदी मौजूद थी, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
नंदन पहाड़ मोहल्ले में वारदात
घटना देवघर शहर के नंदन पहाड़ मोहल्ले की है। यहां सेवा धाम के पास भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का एटीएम लगा हुआ था। सोमवार की देर रात अपराधियों ने एटीएम को निशाना बनाया।
अपराधियों ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से पहले एटीएम मशीन को गैस कटर की मदद से काटा और उसे उसके स्थान से अलग कर दिया। इसके बाद मशीन को सड़क के रास्ते करीब आधा किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गए।
सुनसान जगह पर खड़ी कार में लादा ATM
सीसीटीवी फुटेज की शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि एटीएम को घसीटकर एक सुनसान स्थान तक ले जाया गया था। वहां पहले से एक कार खड़ी थी।
अपराधियों ने एटीएम को कार में लोड किया और इसके बाद मौके से फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के दौरान अपराधियों ने आसपास की गतिविधियों पर भी नजर रखी होगी, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
सुबह तीन बजे के बाद SBI को मिली जानकारी
घटना की जानकारी मंगलवार अहले सुबह करीब तीन बजे के बाद एसबीआई के पटना स्थित एटीएम कंट्रोलिंग ऑफिस को मिली। इसके बाद बैंक की ओर से स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से खुला चोरी का तरीका
पुलिस ने एटीएम के आसपास और घटना के संभावित रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज की जांच में एटीएम चोरी की पूरी वारदात का तरीका सामने आया।
पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने पहले गैस कटर से मशीन को काटा। इसके बाद उसे घसीटकर सुनसान स्थान तक ले गए और वहां से कार में लादकर फरार हो गए।
अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों से भी पूछताछ
पुलिस अपराधियों तक पहुंचने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। खासकर मंगलवार अहले सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किसी व्यक्ति ने संदिग्ध कार, अपराधियों या एटीएम को घसीटकर ले जाते हुए देखा था या नहीं।
पैसे निकालने से पहले अपराधियों को पकड़ने की कोशिश
पुलिस की प्राथमिकता अब अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करना है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि एटीएम में कितनी नकदी थी और अपराधियों ने मशीन को कहां ले जाकर रखा है।
पुलिस इस आशंका को ध्यान में रखते हुए भी जांच कर रही है कि अपराधी एटीएम का लॉक तोड़कर उसमें मौजूद रकम निकालने की कोशिश कर सकते हैं। सीसीटीवी फुटेज, संदिग्ध वाहनों और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है।
फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है और एटीएम में मौजूद नकदी तथा वारदात में शामिल अपराधियों की संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।






