तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास में चोरी, 20 लाख नकद सहित कीमती सामान गायब; पीए पर आरोप

Share

पटना: बिहार की राजनीति से जुड़ी एक अहम घटना में पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास पर चोरी का मामला सामने आया है। राजधानी पटना स्थित 42 हार्डिंग रोड के आवास से नकदी, जेवरात और महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई गई है।

20 लाख नकद और जेवरात गायब

जानकारी के अनुसार, 22 जून को आवास में रखी अलमारी से पार्टी फंड के लिए रखे गए लगभग 20 लाख रुपये नकद गायब पाए गए। इसके अलावा करीब 2 तोला सोने की चेन, एक अंगूठी और अन्य कीमती सामान भी चोरी होने की बात सामने आई है।

इलेक्ट्रॉनिक सामान भी चोरी

चोरी हुए सामान में चार पेन ड्राइव, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक लैपटॉप, एक लेनोवो लैपटॉप और चार आईफोन प्रो मैक्स मोबाइल फोन शामिल हैं।

करीबी सहयोगी पर आरोप, FIR दर्ज

तेज प्रताप यादव ने अपने करीबी सहयोगी (पीए) मोतीलाल राय पर गंभीर आरोप लगाते हुए सचिवालय थाना में आवेदन दिया है। पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही सचिवालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पहले भी हो चुकी है चोरी

गौरतलब है कि वर्ष 2022 में भी तेज प्रताप यादव के आवास से चोरी का मामला सामने आया था। उस समय घर की देखरेख करने वाले एक युवक पर आरोप लगाया गया था।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

सरकारी आवास में एक बार फिर चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और भरोसे के दायरे में काम करने वाले लोगों की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस हाई-प्रोफाइल मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज है।

फिलहाल, इस मामले में पुलिस जांच जारी है और सभी की नजर आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30