पटना। विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम की शुरुआत की। यह कार्यक्रम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल से चलाया जाता रहा है।
जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री के साथ मंत्री शीला कुमारी मंडल भी मौजूद रहीं। दोनों नेताओं ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सरकार जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर : विजय चौधरी
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने बताया कि अब जनसुनवाई कार्यक्रम को और अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जदयू कार्यालय में प्रतिदिन मंत्रियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि आम लोग सीधे अपनी समस्याएं और शिकायतें सरकार के समक्ष रख सकें।
पीएम मोदी की अपील का किया समर्थन
इस दौरान विजय चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोना कम खरीदने और तेल बचाने संबंधी अपील का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से जुड़ा विषय है और प्रधानमंत्री ने देशहित में लोगों को सुझाव दिया है, कोई आदेश नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि यदि लोग इस अपील का पालन करते हैं तो देश की विदेशी मुद्रा की बचत होगी और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर पलटवार करते हुए विजय चौधरी ने कहा कि विपक्ष को समस्याओं के समाधान से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल राजनीतिक बयानबाजी में लगा हुआ है।






