मेदिनीनगर में नापसंद लड़की से शादी का दबाव बनाने पर कंप्यूटर शिक्षक ने की खुदकुशी

Share

पलामू, 18 अगस्त। मेदिनीनगर के शहर थाना क्षेत्र स्थित छेछानी टोला में नापसंद लड़की से शादी के लिए कथित तौर पर दबाव बनाए जाने से परेशान एक कंप्यूटर शिक्षक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार रात की है। परिजन उन्हें इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान छेछानी टोला निवासी प्रणव पांडे (28) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब पांच वर्षों से चियांकी स्थित हेरिटेज स्कूल में कंप्यूटर शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। सोमवार को भी वह स्कूल गए थे और बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाया था।

शादी को लेकर परिवार से चल रहा था विवाद

जानकारी के अनुसार, प्रणव की शादी परिवार की ओर से उनकी इच्छा के विरुद्ध तय की गई थी। बताया जा रहा है कि उन्हें लड़की पसंद नहीं थी और वह कई बार परिजनों को अपनी इच्छा के बारे में बता चुके थे। इसके बावजूद परिवार की ओर से सामाजिक प्रतिष्ठा का हवाला देते हुए शादी के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा था।

बताया गया कि सोमवार रात इसी मामले को लेकर उनके पिता ने उन्हें डांट-फटकार लगाई थी। इसके बाद प्रणव ने खाना खाया और अपने कमरे में सोने चले गए।

रात करीब 11 बजे उनकी मां ने उन्हें कमरे में फंदे से लटका देखा। इसके बाद परिजनों ने उन्हें फंदे से उतारा और तत्काल एमएमसीएच ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

स्कूल में पसरा मातम

मंगलवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्कूल में भी शोक का माहौल रहा और मंगलवार को स्कूल का संचालन नहीं हुआ।

स्कूल के एक शिक्षक ने बताया कि प्रणव शांत और सरल स्वभाव के थे। उन्हें किसी तरह की परेशानी थी, इसकी जानकारी स्कूल के किसी व्यक्ति को नहीं थी। उन्होंने अपनी समस्या किसी के साथ साझा भी नहीं की थी। शिक्षक ने कहा कि स्कूल ने एक बेहतर कंप्यूटर शिक्षक को खो दिया है।

घटना के संबंध में प्रणव के भाई ने एमएमसीएच पुलिस चौकी में अपना बयान दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031