राजगीर में ध्वजारोहण और महाआरती में शामिल हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
पटना: मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने रविवार को Rajgir में मलमास मेला-2026 का विधिवत उद्घाटन किया। ब्रह्मकुंड परिसर में मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और महाआरती में भाग लेने के बाद उन्होंने प्रमुख संतों के साथ ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी बासुदेवाचार्य श्री भास्कर भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, पेयजल, आवासन, खान-पान और स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने ब्रह्मकुंड के समीप आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन भी किया और सेवा भाव से श्रद्धालुओं की सहायता करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने स्टेट गेस्ट हाउस में तैयार आवासन स्थल तथा श्रद्धालुओं के लिए शुरू की गई “दीदी की रसोई” का भी उद्घाटन किया। यहां श्रद्धालुओं को सस्ती दरों पर शुद्ध भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मलमास मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु राजगीर पहुंचते हैं और मान्यता है कि इस अवधि में 33 करोड़ देवी-देवताओं का यहां वास होता है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि देशभर से आने वाले लोग अच्छी यादें लेकर लौटें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को असामाजिक तत्वों पर नजर रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और भीड़ प्रबंधन बेहतर ढंग से करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार, पर्यटन मंत्री श्री केदार प्रसाद गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






