भोजपुर में ताबड़तोड़ फायरिंग: इलाज के दौरान चाचा ने तोड़ा दम, भतीजा अस्पताल में भर्ती, अपराधियों की तलाश में छापेमारी तेज

Share

भोजपुर — बिहार के भोजपुर जिले में अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। कोईलवर थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव के बधार के पास बुधवार देर रात घर लौट रहे चाचा-भतीजा पर अंधाधुंध फायरिंग की गई। इस हमले में चाचा की मौत हो गई, जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया है।

घात लगाकर किया हमला
मृतक की पहचान बबुरा थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर गांव निवासी 45 वर्षीय सूरज राय के रूप में हुई है, जो सहदेव राय के पुत्र थे। वहीं घायल दीपक कुमार (22 वर्ष), सुदर्शन राय के पुत्र और मृतक के भतीजे हैं।

सिर और पेट में मारी गोली
जानकारी के अनुसार, दोनों किसी काम से आरा गए थे और वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान धर्मपुर गांव के बधार के पास पहले से घात लगाए हथियारबंद अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में सूरज राय को सिर के पीछे और पेट में गोली लगी, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई।

अस्पताल ले जाते समय मौत
परिजन उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं दीपक कुमार के पैर में गोली लगी है और उनका इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है।

घटना के बाद इलाके में दहशत
इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस जांच में जुटी, छापेमारी जारी
सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह और कोईलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने पुराने विवाद को लेकर सुनियोजित हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

क्या बोले अधिकारी
एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया, “आरा से काम करके घर लौटने के दौरान दोनों पर गोली चलाई गई है। अभी तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।”

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31