भागलपुर, 13 अगस्त: विक्रमशिला सेतु से सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। पुल के जीर्णोद्धार और स्थायी सुदृढ़ीकरण कार्य के कारण 29 अगस्त की सुबह से पुल पर वाहनों के साथ पैदल यात्रियों की आवाजाही भी पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। यह प्रतिबंध करीब तीन महीने तक रहने की संभावना है।
28 अगस्त की रात से शुरू होगी बैरिकेडिंग
पुल निर्माण निगम के अधिकारियों के अनुसार, 28 अगस्त की रात से बैरिकेडिंग का काम शुरू किया जाएगा। विभाग ने मरम्मत कार्य को पहले निर्धारित 15 सितंबर के बजाय 28 अगस्त से ही शुरू करने का फैसला लिया है।
पुल निर्माण निगम खगड़िया के वरीय परियोजना अभियंता शशिभूषण कुमार ने बताया कि मरम्मत के लिए जरूरी ट्रस ब्रिज और क्षतिग्रस्त हिस्से का सुपर स्ट्रक्चर हरियाणा में तैयार किया जा रहा है। इसके अगले सप्ताह तक भागलपुर पहुंचने की उम्मीद है।
चार सुपर स्ट्रक्चर और एक्सपेंशन जॉइंट बदले जाएंगे
सितंबर के पहले सप्ताह में मौजूदा अस्थायी बेली ब्रिज को हटाकर चार सुपर स्ट्रक्चर, एक्सपेंशन जॉइंट और बेयरिंग बदलने का काम शुरू किया जाएगा। इस दौरान पुल पर परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
विक्रमशिला सेतु बंद होने से अंग प्रदेश, कोसी और सीमांचल के लोगों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है।
रूट डायवर्जन और फेरी सेवा की तैयारी
लोगों को राहत देने के लिए प्रशासन वैकल्पिक व्यवस्था तैयार कर रहा है। इसमें रूट डायवर्जन और फेरी सेवा शामिल है। पथ निर्माण मंत्री, पटना मुख्यालय के वरीय अधिकारी और जिला प्रशासन की संयुक्त बैठक में जल्द ही वैकल्पिक मार्ग की अंतिम रूपरेखा तय की जाएगी। इसके बाद आम लोगों को इसकी जानकारी दी जाएगी।
3 मई को टूटकर गंगा में गिरा था पुल का हिस्सा
गौरतलब है कि 3 मई की रात विक्रमशिला सेतु के पिलर संख्या 4 और 5 के बीच करीब 34 मीटर लंबा स्लैब टूटकर गंगा नदी में गिर गया था। इसके बाद यातायात बहाल रखने के लिए अस्थायी बेली ब्रिज बनाया गया था। हालांकि, इस पर वाहनों का दबाव बढ़ने से अक्सर लंबा जाम लगता रहा।
अब पुल के स्थायी सुदृढ़ीकरण का काम शुरू होने के साथ ही करीब तीन महीने तक इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।






