भागलपुर, 11 सितंबर । भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और ईश्वर नगर मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती (50) की गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने उनके सिर के पास बेहद करीब से गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया।
मायागंज अस्पताल ले जाया गया शव
वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और भाजपा नेता के शव को कब्जे में लेकर जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग जुट गए। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
लंबे समय से भाजपा से जुड़े थे उमा भूषण तांती
पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार, उमा भूषण तांती भाजपा के पुराने, सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं में शामिल थे। बताया गया कि वह पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के कार्यकाल से ही पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे थे।
वर्तमान में वह ईश्वर नगर मंडल अध्यक्ष के पद पर थे और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार गतिविधियों में शामिल रहते थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार को ही उनके नेतृत्व में पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई थी, जिसमें उन्होंने सक्रियता से हिस्सा लिया था।
भाजपा विधायक अस्पताल पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही भागलपुर के भाजपा विधायक रोहित पांडे पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मायागंज अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए हत्याकांड की कड़ी निंदा की।
विधायक ने पुलिस के आला अधिकारियों से बातचीत कर आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और मामले की त्वरित जांच की मांग की है।
हत्या के कारण को लेकर अलग-अलग चर्चाएं
प्रारंभिक जानकारी और स्थानीय चर्चाओं में हत्या के कारण को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। कुछ स्थानीय लोगों के नाम प्राथमिक स्तर पर सामने आने की चर्चा है। वहीं, कुछ सूत्रों के अनुसार अपराधियों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
एक अन्य चर्चा में गणेश पूजा के आयोजन के लिए चंदा जुटाने के दौरान हुए विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, इन सभी बिंदुओं की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
बबरगंज थाना पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में छापेमारी शुरू कर दी गई है।
पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही हत्या के कारण, वारदात में शामिल लोगों और उनके आपसी संबंधों की भी पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह और आरोपितों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
कुतुबगंज और आसपास के इलाके में तनाव
भाजपा नेता की हत्या के बाद कुतुबगंज और आसपास के इलाकों में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।






