भागलपुर, 06 अगस्त। अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद थाना पुलिस ने नवगछिया में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने छापेमारी कर करीब 4000 लीटर जावा महुआ का घोल नष्ट किया, जबकि मौके से 140 लीटर तैयार चुलाई शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए।
कोशी नदी पार कर पुलिस ने की छापेमारी
उत्पाद थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार दास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को नवगछिया थाना क्षेत्र के नवादा स्थित गोढ़ी टोला (वार्ड-14) में कार्रवाई की।
दुर्गम भौगोलिक स्थिति के बावजूद पुलिस टीम नाव के जरिए कोशी नदी पार कर मौके पर पहुंची और अवैध शराब निर्माण स्थल पर छापेमारी की।
मौके पर ही नष्ट किया गया जावा महुआ
छापेमारी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में जावा महुआ का घोल मिला, जिसका इस्तेमाल अवैध शराब बनाने में किया जा रहा था। पुलिस ने करीब 4000 लीटर जावा महुआ के घोल को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
इसके अलावा 140 लीटर तैयार चुलाई शराब और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरणों को जब्त किया गया।
आरोपी के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही अवैध शराब निर्माण में शामिल मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया। उत्पाद थाना पुलिस ने नवगछिया निवासी सदा सिंह के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
शराब कारोबारियों पर जारी रहेगी कार्रवाई
उत्पाद थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार दास ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शराब के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






