बिहार-गुजरात में रेल नेटवर्क को गति, 647 करोड़ की परियोजनाओं को हरी झंडी

Share

नई दिल्ली। सरकार ने गुजरात और बिहार के लिए कुल 647.58 करोड़ रुपये की दो रेल परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इनमें गुजरात के कोसंबा में रेल ओवर रेल फ्लाईओवर और बिहार के भागलपुर में नया रेल बाईपास शामिल है।

रेल मंत्रालय के अनुसार पश्चिम रेलवे के अंतर्गत गुजरात के कोसंबा-उमरपाड़ा गेज परिवर्तन खंड (9.20 किलोमीटर) पर रेल ओवर रेल (आरओआर) फ्लाईओवर का निर्माण 344.38 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। मुंबई-वडोदरा मुख्य लाइन के पूर्वी ओर स्थित इस खंड का गेज परिवर्तन कार्य चल रहा है। समर्पित मालवाहक गलियारे के कारण यहां जमीन स्तर पर क्रॉसिंग संभव नहीं है। नए फ्लाईओवर से गेज परिवर्तित लाइन को मुख्य लाइन से निर्बाध रूप से जोड़ा जा सकेगा, जिससे ट्रेनों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के सुरक्षित और सुचारु हो सकेगी।

इसके अलावा पूर्व रेलवे के अंतर्गत बिहार में भागलपुर बाईपास (13.38 किलोमीटर) का निर्माण 303.20 करोड़ रुपये की लागत से होगा। यह बाईपास बराहट-भागलपुर खंड के गोनुधाम हॉल्ट को भागलपुर-साहिबगंज खंड के सबौर स्टेशन से जोड़ेगा, जिससे भागलपुर जंक्शन पर ट्रेनों की भीड़भाड़ काफी कम हो जाएगी।

इन परियोजनाओं से दोनों राज्यों में रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी, भीड़भाड़ कम होगी और ट्रेनों का परिचालन अधिक सुचारु एवं सुरक्षित हो जाएगा।

वर्तमान में बराहट-भागलपुर खंड अपनी क्षमता से 125 प्रतिशत अधिक लोड पर चल रहा है। यहां ट्रेनों को इंजन रिवर्सल करना पड़ता है, जिससे परिचालन में देरी होती है। नया बाईपास इंजन रिवर्सल की जरूरत को खत्म कर देगा, भीड़भाड़ कम करेगा और ट्रेनों की समयबद्धता तथा परिचालन दक्षता में सुधार लाएगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930