सीवान, 07 जुलाई — जिले में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे ‘नया सवेरा ऑपरेशन 3.0’ के तहत मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। दरौली प्रखंड के दोन स्थित विभिन्न आर्केस्ट्रा ग्रुपों पर छापेमारी कर 11 लड़कियों को रेस्क्यू किया गया, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं। इस दौरान दो आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया गया।
संयुक्त टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई स्व. कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान, दरौली थाना और महिला थाना की संयुक्त टीम ने की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी को अंजाम दिया।
इन संचालकों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, न्यू पारी आर्केस्ट्रा एंड म्यूजिकल ग्रुप के संचालक रंजीत सिंह और पूजा आर्केस्ट्रा के संचालक गणेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
जांच में जुटी एजेंसियां
रेस्क्यू की गई सभी लड़कियों के नाम, पता और उम्र का सत्यापन कराया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि लड़कियों को किन परिस्थितियों में यहां लाया गया था—क्या उन्हें बहला-फुसलाकर या मानव तस्करी के जरिए लाया गया था, और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
मानव तस्करी के एंगल से भी जांच
पुलिस इस मामले में मानव तस्करी, महिलाओं के शोषण और अन्य संबंधित धाराओं के तहत भी जांच कर रही है।
टीम में शामिल रहे अधिकारी
छापेमारी टीम में दरौली थाना के पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार, चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज इंचार्ज स्वीटी कुमारी सिंह, स्व. कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान के भोला श्रीवास्तव, धीरज कुमार और भोलू कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी और संस्थान के सदस्य शामिल थे।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार या महिलाओं एवं बच्चों के शोषण जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत स्थानीय थाना, जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष, डायल 112 या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
यह कार्रवाई जिले में अवैध रूप से संचालित आर्केस्ट्रा ग्रुपों और उनके जरिए चल रहे संभावित शोषण के नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।






