—सारण के युवा धावक 100 मीटर और 4×100 मीटर रिले में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व, चीन में 9 से 12 जुलाई तक होगी प्रतियोगिता
सारण: बिहार के सारण जिले के सोनपुर निवासी युवा धावक विभास्कर कुमार का चयन चीन के ऑर्डोस शहर में 9 से 12 जुलाई तक आयोजित होने वाली अंडर-23 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। वह 100 मीटर दौड़ और 4×100 मीटर रिले स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन से बिहार के खेल जगत में खुशी की लहर है।
फेडरेशन कप में शानदार प्रदर्शन से मिला मौका
विभास्कर कुमार ने इस वर्ष रांची में आयोजित फेडरेशन कप एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 100 मीटर दौड़ 10.36 सेकेंड में पूरी कर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। इसी शानदार प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने अंडर-23 एशियाई चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया और भारतीय टीम में जगह बनाई।
संघर्षों से भरा रहा सफर
सोनपुर से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सफर विभास्कर के लिए आसान नहीं रहा। उन्होंने महज 13 वर्ष की उम्र में दौड़ना शुरू किया। बाद में पढ़ाई के लिए हैदराबाद जाने के बाद स्कूल स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा को निखारा।
चोट और कोरोना के बावजूद नहीं मानी हार
वर्ष 2019 में हैमस्ट्रिंग की चोट और उसके बाद कोरोना महामारी के कारण उनका खेल प्रभावित हुआ। बावजूद इसके उन्होंने हार नहीं मानी। बिहार सरकार के एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत उन्हें बेंगलुरु में कोच मनोज लोगराज के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण मिला, जिसका परिणाम अब भारतीय टीम में चयन के रूप में सामने आया है।
रिले टीम में ये खिलाड़ी भी शामिल
भारतीय 4×100 मीटर रिले टीम में विभास्कर कुमार के साथ सम वसंत, हर्ष राउत, मोहम्मद शान और लैकिक मेलगे भी शामिल हैं। टीम से प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
बिहार के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बने विभास्कर
जिला एवं राज्य एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष सलीम परवेज ने कहा कि विभास्कर की उपलब्धि बिहार के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि अब राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं।
वहीं, संघ के सचिव गजेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि बिहार में खेलों का माहौल तेजी से बदल रहा है और आने वाले समय में राज्य के खिलाड़ी विश्व स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।
बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
विभास्कर कुमार के चयन पर एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। सभी को उम्मीद है कि सोनपुर का यह युवा धावक चीन में शानदार प्रदर्शन कर भारत के साथ-साथ बिहार और सारण का नाम भी रोशन करेगा।






