पटना, 27 जुलाई। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के अंतिम चरण के चुनाव प्रचार में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने भव्य रोड शो आयोजित कर शक्ति प्रदर्शन किया। रोड शो का नेतृत्व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
रोड शो में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, मंत्री विजय कुमार सिन्हा, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रविशंकर प्रसाद, मंत्री श्रवण कुमार, संतोष कुमार सुमन, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी तथा एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि एक रथ पर सवार होकर लोगों का अभिवादन करते रहे।

भाजपा-राजग के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा भी पूरे रोड शो के दौरान नेताओं के साथ मौजूद रहे।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
भट्टाचार्य मोड़ से शुरू हुए रोड शो के मार्ग को भाजपा के झंडों, बैनरों और स्वागत द्वारों से सजाया गया था। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने फूलों की वर्षा कर नेताओं का स्वागत किया। कई स्थानों पर महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और व्यापारियों ने पुष्पमालाओं, गुलदस्तों और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया।
पुष्पवर्षा और आरती से किया अभिनंदन
रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नितिन नवीन लगातार हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। कई स्थानों पर घरों की बालकनियों, छतों और झरोखों से लोगों ने पुष्पवर्षा की। महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से आरती उतारकर मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं का स्वागत किया।

नारों से गूंजा पूरा इलाका
पूरे रोड शो के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘जय श्रीराम’ और भाजपा के समर्थन में लगाए गए नारों से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि के बीच कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इन मार्गों से होकर गुजरा रोड शो
रोड शो भट्टाचार्य मोड़ से शुरू होकर उमा सिनेमा, बुद्ध मूर्ति चौराहा, कदमकुआं वेडिंग जोन, नाला रोड चौराहा, ठाकुरबाड़ी रोड, रूपक सिनेमा और उद्योग भवन होते हुए मोना सिनेमा के समीप पहुंचा, जहां इसका समापन जनसभा के रूप में हुआ।

कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में भाजपा और राजग कार्यकर्ता अपने-अपने झंडे और बैनर लेकर रोड शो में शामिल हुए। युवाओं और महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्था की गई थी।

भाजपा ने जीत का जताया भरोसा
रोड शो के समापन पर भाजपा नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि जनता का यह समर्थन मतदान के दिन रिकॉर्ड मतों में बदलेगा और भाजपा-एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे। पार्टी ने इस रोड शो को केवल चुनाव प्रचार नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनता के विश्वास का प्रतीक बताया।






