पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने पार्टी प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों की गिरफ्तारी के मुद्दे पर बिहार सरकार को कड़ा अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि बुधवार शाम 7 बजे तक गिरफ्तार छात्रों को रिहा नहीं किया गया तो 30 जुलाई की सुबह 7 बजे से पूरे बिहार में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
कशिश न्यूज़ से विशेष बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि केवल पत्र जारी करने से काम नहीं चलेगा, सरकार को गिरफ्तार छात्रों को तत्काल रिहा करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार के पास कल तक का समय है। यदि छात्रों की रिहाई नहीं हुई तो 30 जुलाई को पूरे बिहार में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर तेजस्वी यादव ने जीत का दावा भी किया। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता अपना मन बना चुकी है और इस बार महागठबंधन के पक्ष में माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के दलबदलू उम्मीदवार को जनता नकार चुकी है और उपचुनाव में महागठबंधन की जीत तय है।






