पलामू में पिकनिक मनाने पहुंचे तीन युवक बटाने नदी में डूबे, एक को बचाया गया, दो लापता

Share

पलामू, 29 अगस्त। पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के डेमा टोला स्थित बेलघाटी पुल के समीप शनिवार को पिकनिक मनाने पहुंचे तीन युवक बटाने नदी में डूब गए। स्थानीय लोगों ने प्रयास कर राजेंद्र साव (40) को नदी से बाहर निकाल लिया। वह बेहोशी की हालत में था। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), हरिहरगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

वीडियो बनाने के दौरान गहरे पानी में गए युवक

घटना के बाद दो अन्य युवकों के नदी में लापता होने की सूचना है। साथ आए एक व्यक्ति के अनुसार, लापता युवकों की पहचान रितिक और टेनी के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों युवक औरंगाबाद क्षेत्र के रहने वाले हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक नदी में उतरकर वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी और तेज धार की चपेट में आ गए और बहने लगे। किनारे मौजूद स्थानीय लोगों ने उन्हें गहरे पानी में जाने से मना किया था, लेकिन युवकों ने कथित तौर पर चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया।

तेज धार के कारण तलाश में परेशानी

स्थानीय लोगों ने दावा किया कि युवक नशे की हालत में थे। हालांकि, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना के बाद ग्रामीणों ने नदी में काफी देर तक लापता दोनों युवकों की तलाश की, लेकिन तेज धार और नदी की अधिक गहराई के कारण उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

पुलिस ने घटनास्थल का लिया जायजा

घटना की सूचना मिलने पर एसआई अजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थानीय लोगों तथा प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस लापता युवकों की तलाश और घटना की परिस्थितियों की जांच में जुटी है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031