रांची, 29 अगस्त । झारखंड संताल स्टूडेंट्स यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर संताली भाषा से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने भाषा के संरक्षण, संवर्धन और विकास के साथ विद्यार्थियों से जुड़े विषयों पर भी मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांगें रखीं।
प्रतिनिधिमंडल ने रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान संताली भाषा के विकास, संरक्षण और इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सदस्यों ने भाषा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों से संबंधित समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने दिया आवश्यक पहल का आश्वासन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और उनके द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों की जानकारी ली। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सामने रखी गई मांगों और समस्याओं पर आवश्यक पहल की जाएगी।
इस अवसर पर यूनियन के अध्यक्ष विजय कुमार हांसदा, उपाध्यक्ष सबिता बास्के, सचिव हरिश चन्द्र मरांडी, संयुक्त सचिव संगम लता कुमारी, कोषाध्यक्ष बाबूलाल हेम्ब्रम, आनंद, गोपाल चन्द्र हांसदा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।






