पलामू, 29 जुलाई। पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र स्थित बायपास रोड के जेएमपी कॉम्प्लेक्स में गार्ड विनोद पांडे की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए शूटर सहित तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से हत्या में प्रयुक्त एक देसी कट्टा, दो जिंदा गोलियां और घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की है।
बदला लेने के लिए की गई थी हत्या
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि 26 जुलाई की देर रात तीन अपराधियों ने जेएमपी कॉम्प्लेक्स के गार्ड विनोद पांडे की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश पुरानी रंजिश के चलते रची गई थी।
उन्होंने बताया कि 16 जुलाई को कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक जन्मदिन समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर बुकिंगकर्ता विशुन राम और कॉम्प्लेक्स के मैनेजर सोनू सिंह के बीच विवाद हुआ था। देर रात तक डीजे बजाने का विरोध करने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें गार्ड विनोद पांडे भी शामिल थे। इसी घटना का बदला लेने के लिए उनकी हत्या की गई।
गुप्त सूचना पर तीनों आरोपी दबोचे गए
एसपी ने बताया कि मंगलवार को गुप्त सूचना मिली थी कि गार्ड हत्याकांड में शामिल अपराधी सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा छेछानी टोला में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर शहर थाना और सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान चैनपुर निवासी अनुभूति सिंह उर्फ उड़ी, गोल्डन यादव और चंदन कुमार उर्फ चंदन कमलापुरी के रूप में हुई है।
शूटर पर पहले से दर्ज हैं 15 आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी चंदन कुमार उर्फ चंदन कमलापुरी ने ही गार्ड विनोद पांडे को गोली मारकर हत्या की थी। उसके खिलाफ चैनपुर और गढ़वा के रमकंडा थाना में हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े 15 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
हथियार और स्कूटी बरामद
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक देसी कट्टा, दो जिंदा गोलियां और घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।






