दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर अररिया पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बोले- सुशासन के बाद अब समृद्धि की ओर तेजी से बढ़ रहा बिहार

Share

अररिया, 11 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान को गति देने और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी शुक्रवार को पहली बार अररिया जिले के दो दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर पहुंचे। इस दौरान नरपतगंज, फारबिसगंज और अररिया में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

एनएच-27 पर कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

फारबिसगंज में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर रामपुर के समीप भाजपा नगर अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद मिंटू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा नेता प्रवीण कुमार, नगर मंत्री विपिन जायसवाल, अरुण निराला, सुनील साह, गोपाल साह, अमित कुमार और मो. सैय्यद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पूर्व विधायक के आवास पर भी हुआ अभिनंदन

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी फारबिसगंज के पूर्व विधायक विद्यासागर केशरी उर्फ मंचन केशरी के आवास पर भी पहुंचे। यहां पूर्व विधायक विद्यासागर केशरी, जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, नरपतगंज विधायक देवयन्ती यादव, सिकटी विधायक एवं पूर्व मंत्री विजय कुमार मंडल, रोहित यादव समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने बुके भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया।

सेवा संकल्प अभियान को लेकर दी जानकारी

पूर्व विधायक के आवास पर प्रदेश अध्यक्ष ने प्रेस वार्ता कर अपने दो दिवसीय संगठनात्मक प्रवास और सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों का सेवा काल पूरा किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 17 सितंबर को हर घर और हर बूथ पर ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाया जाएगा।

सुशासन से समृद्धि की ओर बढ़ रहा बिहार : सरावगी

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार जंगलराज के बाद स्थापित सुशासन को आगे बढ़ाते हुए समृद्धि की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प भारत को विकास के सर्वोच्च शिखर तक पहुंचाना है।

उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही के जीडीपी आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की विकास दर 7.8 प्रतिशत रही, जबकि चीन की विकास दर चार प्रतिशत और विश्व की विकास दर करीब तीन प्रतिशत रही।

सहयोग शिविर से शिकायतों का हो रहा निपटारा

संजय सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार सहयोग शिविरों के माध्यम से लोगों की शिकायतों का निपटारा कर रही है। विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए पोर्टल शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि सरस्वती विद्या निकेतन की भी शुरुआत की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार की इन पहलों के परिणामस्वरूप बिहार सुशासन से समृद्धि की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

संगठन की मजबूती पर रहेगा जोर

प्रदेश अध्यक्ष के दो दिवसीय अररिया प्रवास के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद पर विशेष जोर रहेगा। पार्टी की ओर से सेवा संकल्प अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने की तैयारी भी की जा रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930