–मृतक की पहचान ज्ञानेंद्र कुमार गौतम के रूप में, आदित्यपुर निवासी
पूर्वी सिंहभूम। बागबेड़ा थाना क्षेत्र में टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक लोको पायलट की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
सीने में मारी गोली, मौके पर मौत
मृतक की पहचान ज्ञानेंद्र कुमार गौतम के रूप में हुई है, जो सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, वे देर रात रेलवे लॉबी की ओर जा रहे थे, तभी बाइक सवार दो अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां सीधे उनके सीने में लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके से खोखा बरामद, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। सिटी एसपी ललित मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
व्यवसायिक एंगल से भी जांच
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक रेलवे में लोको पायलट होने के साथ-साथ जमीन से जुड़े कारोबार में भी सक्रिय थे। बताया जा रहा है कि रेलवे पार्किंग क्षेत्र में समतलीकरण कार्य की जिम्मेदारी भी उनके पास थी। ऐसे में पुलिस हत्या के पीछे व्यवसायिक विवाद या आपसी रंजिश की संभावना से भी जांच कर रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया है।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





