रांची, 25 सितंबर । झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को नामकुम स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के सभागार में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती करने, सहियाओं को समय पर प्रोत्साहन राशि का भुगतान सुनिश्चित करने और उन्हें शीघ्र टैब उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
एनएचएम कर्मियों को जल्द मिलेगा ईपीएफ का लाभ
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एनएचएम कर्मियों को जल्द ही ईपीएफ का लाभ मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया।
डॉ. अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने के लिए विभागीय स्तर पर योजनाओं की नियमित समीक्षा और बेहतर क्रियान्वयन जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने को कहा।
सहियाओं को समय पर मिले प्रोत्साहन राशि
सहियाओं को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि में हो रही देरी की समीक्षा करते हुए मंत्री ने भुगतान समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने भविष्य में राज्य सरकार की विशेष प्रोत्साहन राशि सीधे राज्य मुख्यालय से भेजने की व्यवस्था करने को कहा, ताकि भुगतान प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जा सके।
मंत्री ने सहियाओं को जल्द टैब उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित कार्यों में डिजिटल माध्यम का प्रभावी इस्तेमाल हो सके।
संविदा स्वास्थ्यकर्मियों के भुगतान में सुधार के निर्देश
संविदा स्वास्थ्यकर्मियों के मानदेय भुगतान की प्रक्रिया में सुधार के लिए मंत्री ने एचआईआरएस के माध्यम से राज्य मुख्यालय स्तर से भुगतान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने एनएचएम कर्मियों को ईपीएफ का लाभ देने के लिए लंबित प्रक्रिया को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
डॉक्टरों की रिक्तियों पर शीघ्र नियुक्ति
स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों के रिक्त पदों की समीक्षा के दौरान डॉ. अंसारी ने अधिकारियों को शीघ्र नियुक्ति की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्याप्त चिकित्सकीय मानव संसाधन के बिना लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना कठिन है।
मंत्री ने स्वास्थ्य संस्थानों में मानव संसाधन की उपलब्धता की नियमित समीक्षा करने और जरूरत के अनुसार आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
मलेरिया नियंत्रण पर जमीनी स्तर पर जोर
मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान प्रभावित मरीजों को मच्छरदानी उपलब्ध कराने और रोकथाम से जुड़ी गतिविधियों को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
मंत्री ने कम वित्तीय व्यय वाले कार्यक्रमों की विशेष निगरानी, बजट के समुचित उपयोग और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
नियमित मॉनिटरिंग और फीडबैक पर जोर
डॉ. अंसारी ने स्वास्थ्य योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और क्षेत्रीय स्तर से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, स्वास्थ्य अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा सहित विभाग के कई अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद थे।






