झारखंड के ‘वॉटरमैन’ और पद्मश्री सम्मानित साइमन ओरांव की प्रेरणादायक कहानी अब पर्दे पर नजर आ रही है। उनकी जिंदगी से प्रेरित माइक्रो-ड्रामा ‘वॉटरमैन’ की शूटिंग झारखंड में ही की गई है, ताकि कहानी से जुड़े प्राकृतिक माहौल, ग्रामीण परिवेश और उस जमीन को वास्तविक रूप में दिखाया जा सके, जहां साइमन ओरांव ने पानी की समस्या से मुकाबला करते हुए बदलाव की मिसाल कायम की। शो में साइमन ओरांव की भूमिका अभिनेता जोहेब सिद्दीकी ने निभाई है।
सूखे से जूझते गांव की कहानी
‘वॉटरमैन’ की कहानी एक ऐसे गांव की पृष्ठभूमि में बुनी गई है, जहां सूखे और पानी की कमी के कारण लोग बेहतर जिंदगी की तलाश में अपना घर छोड़ने लगते हैं। ऐसे हालात में साइमन अपनी जमीन छोड़ने के बजाय पानी की समस्या का समाधान तलाशने का फैसला करते हैं।
वह बारिश के पानी को रोकने और उसे खेतों तक पहुंचाने की दिशा में काम शुरू करते हैं। इसके लिए वह स्थानीय लोगों को साथ लेकर सामूहिक प्रयास करते हैं और धीरे-धीरे पानी के संरक्षण का एक मॉडल तैयार करते हैं।
शूटिंग के दौरान साइमन ओरांव से मिली टीम
कहानी को वास्तविकता के करीब रखने के लिए माइक्रो-ड्रामा की टीम ने शूटिंग के दौरान खुद साइमन ओरांव से मुलाकात की। टीम ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की और उनके अनुभवों को समझने की कोशिश की।
जब साइमन से उनकी उपलब्धियों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बेहद सादगी से कहा, “कहां, ये सब तो भगवान की देन है।” उनकी यही सहजता और जमीन से जुड़ा नजरिया कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा बना है।
कलाकारों ने खुद खोदी मिट्टी
‘वॉटरमैन’ की शूटिंग के दौरान कलाकारों ने भी कहानी के दृश्यों को वास्तविक बनाने में मेहनत की। पानी की नहर बनाने वाले दृश्यों की शूटिंग में कलाकारों ने खुद मिट्टी खोदने का काम किया, ताकि पर्दे पर गांव और वहां के लोगों की मेहनत को स्वाभाविक तरीके से दिखाया जा सके।
झारखंड का सूखा और पथरीला इलाका बना कहानी का हिस्सा
माइक्रो-ड्रामा में झारखंड का सूखा और पथरीला इलाका भी कहानी का अहम हिस्सा है। साइमन बारिश के पानी की दिशा को समझते हैं और उसे खेतों तक पहुंचाने की योजना बनाते हैं। इसके लिए वह स्थानीय लोगों को साथ जोड़ते हैं।
कहानी में यह संदेश भी उभरकर आता है कि पानी की जरूरत और उसके महत्व को समझकर सामूहिक प्रयासों के जरिए बड़े बदलाव की शुरुआत की जा सकती है।
नई पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश
कुकू टीवी ने माइक्रो-ड्रामा के माध्यम से साइमन ओरांव की प्रेरणादायक कहानी को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश की है। जोहेब सिद्दीकी अभिनीत ‘वॉटरमैन’ अब कुकू टीवी ऐप पर स्ट्रीम हो रहा है।
कुकू टीवी के मुताबिक, उसके प्लेटफॉर्म पर 20 करोड़ से अधिक इंस्टॉल और 3,500 से ज्यादा माइक्रो-ड्रामा उपलब्ध हैं। ये कंटेंट सात से अधिक भाषाओं में देखे जा सकते हैं।
महेंद्र सिंह धोनी हैं कंपनी के निवेशक और ब्रांड एंबेसडर
कुकू टीवी के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी कंपनी में निवेशक होने के साथ-साथ इसके ब्रांड एंबेसडर भी हैं। ‘वॉटरमैन’ के जरिए झारखंड के एक ऐसे व्यक्तित्व की कहानी को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है, जिसने पानी संरक्षण के क्षेत्र में अपने काम से अलग पहचान बनाई।






