रांची, 08 अगस्त — झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों और सरकार के बीच शनिवार को हुई वार्ता किसी अंतिम निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी। हालांकि, मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में हुई बैठक सकारात्मक माहौल में हुई और सरकार ने छात्रों के साथ आगे भी बातचीत जारी रखने की इच्छा जताई।
सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक
सरकार की ओर से बैठक में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सुदिव्य कुमार सोनू, चमरा लिंडा और संजय प्रसाद यादव शामिल हुए। वहीं, छात्र प्रतिनिधिमंडल में रामा अवतार महतो, दिनबंधु मंडल, चंदन रजक, विमल कुमार, प्रेम कुमार, रवि शंकर, अमित कुमार शर्मा और कमलेश चौधरी शामिल रहे।
छात्र प्रतिनिधियों के अनुसार, बैठक में उनकी विभिन्न मांगों को तथ्यों और साक्ष्यों के साथ सरकार के समक्ष रखा गया। मांगों के अलग-अलग बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई, लेकिन किसी भी मांग पर अंतिम निर्णय नहीं हो सका।
भूख हड़ताल खत्म करने की अपील
बैठक के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार जल्द ही मामले में सकारात्मक निर्णय की घोषणा करेगी।
हालांकि, देवेंद्रनाथ महतो ने भूख हड़ताल समाप्त करने की घोषणा नहीं की। उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शनिवार को सातवें दिन भी जारी रही।
निर्मल महतो को समर्पित किया भूख हड़ताल का सातवां दिन
देवेंद्रनाथ महतो ने शनिवार को झारखंड आंदोलन के शहीद निर्मल महतो को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने अपनी भूख हड़ताल का सातवां दिन उन्हें समर्पित करते हुए कहा कि शहीद निर्मल महतो के संघर्ष, त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर छात्रों के न्यायपूर्ण आंदोलन को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।
15वें दिन भी जारी रहा सत्याग्रह
जेपीएससी-जेएसएससी से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों का सत्याग्रह और धरना शनिवार को 15वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस और निर्णायक कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और अभिनेता पीयूष मिश्रा पहुंचे
आंदोलन को समर्थन देने और छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो के स्वास्थ्य की जानकारी लेने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू और अभिनेता पीयूष मिश्रा भी धरना स्थल पहुंचे। दोनों ने आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात कर उनकी मांगों और आंदोलन की स्थिति की जानकारी ली तथा छात्रों के आंदोलन के प्रति समर्थन जताया।
आंदोलन स्थल पर मौजूद छात्रों ने सरकार से जल्द से जल्द उनकी मांगों पर ठोस निर्णय लेने की मांग दोहराई।






