पटना, 22 सितंबर। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने जमुई की घटना को घृणित अपराध बताते हुए कहा कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले में तत्परता और पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई की है। पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें कठोर सजा का प्रावधान है।
घटना से जुड़े सभी लोगों पर कार्रवाई का दावा
पार्टी कार्यालय में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि घटना में अलग-अलग स्तर पर जिन लोगों की भूमिका रही है, चाहे घटना को अंजाम देने वाले हों, वीडियो बनाने वाले हों या उसे वायरल करने वाले, सभी के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
विधान परिषद की आठ सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों की जीत का दावा
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने विधान परिषद चुनाव की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि एनडीए आपसी सहमति और पूरी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेगा।
उन्होंने दावा किया कि गठबंधन के उम्मीदवार सभी आठ सीटों पर जीत दर्ज करेंगे।
जीविका के 20 वर्ष पूरे होने पर उत्सव मनाएगी पार्टी
विजय कुमार चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शुरू हुए जीविका कार्यक्रम के 20 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे बिहार को इस उपलब्धि पर गर्व है।
उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों ने इस कार्यक्रम की पहचान बिहार और देश में बनाई है तथा दूसरे राज्यों में भी इसका अनुसरण और अनुकरण किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी जीविका के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर को उत्सव के रूप में मनाएगी। उनके अनुसार, इस अभियान ने ग्रामीण महिलाओं के लिए आर्थिक स्वावलंबन के नए अवसर खोलने का काम किया है।






