जमशेदपुर, 26 सितंबर । सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह में शुक्रवार देर रात सुवर्णरेखा नदी में मछली पकड़ने के दौरान नाव पलटने से दो युवक तेज बहाव में बह गए। दोनों युवक लापता हैं। शनिवार सुबह से स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
लापता युवकों की पहचान बारीडीह मीरा पथ निवासी अमित कुमार उर्फ गजनी और जिला स्कूल के पास रहने वाले अमित कुमार उर्फ बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद नदी तट पर लापता युवकों के परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही।
तीन युवक नाव से गए थे मछली पकड़ने
बताया गया कि अमित कुमार और बिट्टू कुमार अपने साथी विक्की के साथ शुक्रवार देर रात नाव से सुवर्णरेखा नदी में मछली पकड़ने गए थे। तीनों नदी के बीच पहुंचे थे, तभी अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई।
नाव पलटने के बाद विक्की किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकल आया, जबकि अमित और बिट्टू तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए।
रात में भी स्थानीय लोगों ने की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग नदी किनारे पहुंचे और रात में ही दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी। स्थानीय युवकों ने नदी किनारे से लेकर लुआबासा पुल तक खोजबीन की, लेकिन अंधेरा और नदी का तेज बहाव होने के कारण पानी में उतरकर व्यापक स्तर पर तलाश करना संभव नहीं हो सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवक तैरने में माहिर थे और अक्सर नदी में मछली पकड़ने जाते थे।
पुलिस पहुंची, गोताखोरों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। शनिवार सुबह स्थानीय गोताखोरों की सहायता से नदी में दोबारा तलाश अभियान शुरू किया गया। बचाव दलों की मदद लेने की भी तैयारी की जा रही है।
परिजनों और स्थानीय लोगों की जुटी भीड़
घटना के बाद दोनों युवकों के परिजन नदी किनारे पहुंच गए। वे लगातार सर्च ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं और दोनों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।
पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और लापता युवकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। फिलहाल दोनों युवकों की तलाश जारी है।






