रांची की शराब दुकान में घुसी बंदरिया, मैजिक मोमेंट की बोतल से शराब पीकर कर्मचारी को काटा; ढाई घंटे तक मचाया उत्पात

Share

रांची, 26 सितंबर। राजधानी रांची के ओरमांझी ब्लॉक चौक स्थित शराब की दुकान में शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक बंदरिया अचानक दुकान के अंदर घुस गई। बताया गया कि बंदरिया ने दुकान में रखी मैजिक मोमेंट की एक क्वार्टर बोतल खोलकर शराब पी ली। इसके बाद उसका व्यवहार आक्रामक हो गया और उसने दुकान में मौजूद कर्मचारी पर हमला कर दिया।

कर्मचारी की पीठ और पैर में काटा

शराब पीने के बाद बंदरिया ने दुकान में मौजूद कर्मचारी रामाशंकर तिवारी पर हमला कर दिया। उसने उनकी पीठ और पैर में काट लिया। अचानक हुए हमले से दुकान में मौजूद अन्य कर्मचारी घबरा गए और बाहर निकल गए।

घायल रामाशंकर तिवारी को इलाज के लिए हरचंदा स्थित सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

करीब ढाई घंटे तक दुकान में मचाती रही उत्पात

कर्मचारी पर हमला करने के बाद बंदरिया करीब ढाई घंटे तक शराब की दुकान के अंदर ही रही। उसके आक्रामक व्यवहार को देखते हुए किसी ने उसके पास जाने की हिम्मत नहीं की। वह दुकान में रखे सामान और शराब की बोतलों के बीच घूमती रही।

इस दौरान दुकान के आसपास भी लोगों की भीड़ जुट गई। बंदरिया के दुकान में घुसने और उसके आक्रामक व्यवहार को लेकर इलाके में डर के साथ कौतूहल का माहौल बना रहा।

वन विभाग और रेस्क्यू टीम को दी गई सूचना

घटना की जानकारी वन विभाग और रेस्क्यू टीम को दी गई। सूचना मिलने के बाद भगवान बिरसा जैविक उद्यान की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, बंदरिया के आक्रामक व्यवहार के कारण उसे सुरक्षित पकड़ना टीम के लिए चुनौतीपूर्ण था।

काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने बंदरिया को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे भगवान बिरसा जैविक उद्यान ले जाया गया।

गर्भवती होने की जानकारी के बाद बरती गई विशेष सावधानी

रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व वन क्षेत्र पदाधिकारी गायत्री देवी ने किया। टीम में जीव वैज्ञानिक विवेक कुमार, वनरक्षी राकेश अवस्थी समेत अन्य कर्मी शामिल रहे।

रेस्क्यू टीम को बंदरिया के गर्भवती होने की जानकारी मिली थी। इसे देखते हुए टीम ने उसे पकड़ने के दौरान विशेष सावधानी बरती और सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू अभियान पूरा किया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930