पटना : योजना एवं विकास विभाग, बिहार सरकार द्वारा आज योजना एवं विकास विभाग के अंतर्गत राज्य सरकार की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं एवं कार्यक्रमों की द्विदिवसीय कमिश्नरीवार समीक्षात्मक बैठक का शुभारंभ हुआ। बैठक का उद्घाटन विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी द्वारा किया गया। यह समीक्षा एवं अनुश्रवण बैठक 12 एवं 13 मई 2026 को आयोजित की जा रही है, जिसमें विभाग एवं संबंधित इकाइयों के अधिकारियों एवं कर्मियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।
आज आयोजित समीक्षा बैठक में तिरहुत प्रमंडल, पूर्णिया प्रमंडल, कोसी प्रमंडल, दरभंगा प्रमंडल एवं सारण प्रमंडल अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान योजनाओं की प्रगति, वित्तीय एवं भौतिक उपलब्धियों, लंबित कार्यों तथा क्षेत्रीय स्तर पर आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अपने उद्घाटन संबोधन में अपर मुख्य सचिव ने कहा कि कमिश्नरीवार समीक्षा व्यवस्था से योजनाओं की जमीनी प्रगति का बेहतर आकलन संभव हो रहा है तथा इससे क्षेत्रीय समस्याओं के त्वरित समाधान में सहायता मिल रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
बैठक में पंचायत सरकार भवन, मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना, वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-II, विशेष केंद्रीय सहायता (SCA) योजना, समेकित शरणालय निर्माण योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना, ई-किसान भवन, कृषि सड़क एवं पथकर निर्माण योजनाओं सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई।
अपर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, डेटा आधारित मूल्यांकन तथा विभागीय समन्वय को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से राज्य के समग्र एवं संतुलित विकास के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकेगा।
बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, संबंधित प्रमंडलों के पदाधिकारी एवं विभिन्न योजनाओं से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।






