हिमाचल की बेटी पुष्पा राणा की कप्तानी में महिला कबड्डी टीम फाइनल में, नेपाल को 48-24 से हराया; अब ईरान से स्वर्ण की जंग

Share

धर्मशाला, 25 सितंबर। हिमाचल की बेटी पुष्पा राणा की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक की ओर एक और कदम बढ़ा दिया है। जापान के अयाची-नगोया में शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल में भारत ने नेपाल को 48-24 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। अब शनिवार को स्वर्ण पदक के मुकाबले में भारत का सामना ईरान से होगा। ईरान ने दूसरे सेमीफाइनल में चीनी ताइपे को 23-19 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

पहले हाफ से ही भारत का दबदबा

टोकाई सिटीजन्स जिम्नेजियम में खेले गए सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही नेपाल पर दबाव बनाए रखा। भारत ने पहले हाफ में 31-17 की बढ़त हासिल की। दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने लय बरकरार रखी और नेपाल को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

भारत ने अंततः 48-24 से मुकाबला अपने नाम किया। भारतीय टीम ने मैच में कुल 35 आउट अंक हासिल किए, जबकि नेपाल के खाते में 18 आउट अंक आए। भारत ने मुकाबले के दौरान तीन बार नेपाल को ऑलआउट किया।

ग्रुप चरण में भी अजेय रहा भारत

भारतीय महिला टीम ने ग्रुप चरण में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने तीनों मुकाबले जीते थे। भारत ने पहले मैच में बांग्लादेश को 42-21, दूसरे मुकाबले में ईरान को 37-23 और तीसरे मैच में मेजबान जापान को 50-25 से हराया था।

इस तरह फाइनल से पहले भारतीय टीम लगातार चार जीत दर्ज कर चुकी है। इन चार मुकाबलों में भारत ने कुल 177 अंक बनाए हैं, जबकि विपक्षी टीमें 93 अंक ही जुटा सकी हैं।

ईरान को ग्रुप मैच में हरा चुका है भारत

स्वर्ण पदक के लिए होने वाले फाइनल में भारत के सामने ईरान की चुनौती होगी। खास बात यह है कि ग्रुप चरण में भारत ईरान को 37-23 से हरा चुका है। हालांकि, फाइनल मुकाबला नई परिस्थितियों में होगा और दोनों टीमों के लिए स्वर्ण पदक दांव पर होगा।

भारत 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में महिला कबड्डी का स्वर्ण पदक जीत चुका है। ऐसे में भारतीय टीम इस बार भी खिताब अपने नाम करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।

हिमाचल की चार बेटियों पर रहेंगी निगाहें

भारतीय टीम में हिमाचल प्रदेश की चार खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें कप्तान पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर शामिल हैं।

पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर धर्मशाला स्थित साई के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में प्रशिक्षण लेती हैं। अब फाइनल मुकाबले में हिमाचल की इन चारों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रदेशभर के खेल प्रेमियों की निगाहें रहेंगी।

शनिवार को ईरान के खिलाफ होने वाले स्वर्ण पदक मुकाबले में भारतीय टीम की कोशिश ग्रुप चरण की जीत को दोहराते हुए एशियन गेम्स में अपना खिताब बरकरार रखने की होगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930