हजारीबाग। जिले के केरेडारी प्रखंड स्थित बेलतू में शनिवार देर शाम को सरस्वती पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान दो गुटों के बीच झड़प हो गई।
इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, झड़प के दौरान दोनों ओर से पत्थरबाजी भी हुई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन के कई वरीय अधिकारी मौके पर पहुंच गए। वे दोनों गुटों के लोगों को समझाने का प्रयास में जुटे हैं। घटना में घायल हुए लोगों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन पूरी घटना पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि बेलतू से दो संप्रदायों के बीच झड़प की सूचना मिली है। पुलिस और जिला प्रशासन स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और घटना में दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह पूरी घटना बेलतू पिकेट और बाजार ताड़ के बीच हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विसर्जन जुलूस के दौरान भड़काऊ गाने बजाने से विवाद उत्पन्न हुआ, हालांकि इसकी मुख्य वजह की जांच की जा रही है।
फिलहाल, बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार के साथ चार थाना प्रभारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति को सामान्य बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं। हजारीबाग डीसी शशि प्रकाश सिंह और एसपी अंजनी भी घटनास्थल के लिए हुए रवाना हो गए हैं।





