शिक्षकों का शो-कॉज नोटिस वापस ले सरकार, नहीं तो होगा आंदोलन : पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां

Share

मानपुर उच्च विद्यालय के शिक्षकों के समर्थन में उतरे पूर्व मंत्री

पूर्वी सिंहभूम, 25 जुलाई । पोटका प्रखंड स्थित मानपुर उच्च विद्यालय के शिक्षकों को शिक्षा विभाग की ओर से जारी किए गए शो-कॉज नोटिस का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। झारखंड के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता दुलाल भुइयां ने शिक्षकों के समर्थन में उतरते हुए राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति के खिलाफ आवाज उठाने वाले शिक्षकों को दबाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग ने नोटिस जारी किया है। उन्होंने सरकार से सभी शो-कॉज नोटिस तत्काल वापस लेने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने व्यापक जन आंदोलन की चेतावनी दी।

सड़क की समस्या को लेकर शिक्षकों ने उठाई थी आवाज

पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने कहा कि मानपुर उच्च विद्यालय आजादी से पहले का ऐतिहासिक शिक्षण संस्थान है और इस क्षेत्र में इसकी एक अलग पहचान है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के छात्र हमेशा प्रतिभाशाली रहे हैं, लेकिन सरकारी उपेक्षा के कारण विद्यालय और आसपास के क्षेत्र का अपेक्षित विकास नहीं हो सका है।

उन्होंने बताया कि दमाकी से मानपुर तक जाने वाली सड़क पिछले करीब आठ वर्षों से जर्जर हालत में है। खराब सड़क के कारण विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने केवल सड़क मरम्मत की मांग उठाई थी, ताकि छात्रों और आम लोगों को राहत मिल सके। इसके बावजूद शिक्षा विभाग ने उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी कर दिया।

“बुनियादी समस्या उठाना अपराध नहीं”

भाजपा नेता ने कहा कि सड़क निर्माण और क्षेत्र की समस्याओं को सरकार के सामने रखना किसी भी नागरिक का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले शिक्षकों को नोटिस भेजकर डराने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग राज्य सरकार के दबाव में काम कर रहा है और समस्याओं को उजागर करने वालों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।

नोटिस वापस नहीं हुआ तो होगा आंदोलन

दुलाल भुइयां ने चेतावनी दी कि यदि शिक्षा विभाग ने जल्द ही शिक्षकों को जारी शो-कॉज नोटिस वापस नहीं लिया, तो ग्रामीणों, अभिभावकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर शिक्षा विभाग कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर जादूगोड़ा-हाता मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा।

“भाजपा शिक्षकों के साथ खड़ी है”

पूर्व मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शिक्षकों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाया जाएगा। उन्होंने सरकार से शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई वापस लेकर क्षेत्र की मूल समस्याओं के समाधान पर ध्यान देने की अपील की।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031