देवघर, 29 जुलाई। देवाधिदेव बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 का बुधवार को भव्य शुभारंभ हो गया। गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर झारखंड-बिहार सीमा स्थित दुम्मा कांवरिया पथ पर वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अर्चना और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया। पूजा के उपरांत अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं और किसी भी प्रकार की सूचना या समस्या मिलने पर प्रशासन तत्काल कार्रवाई करेगा।
श्रावणी मेले के शुभारंभ के साथ ही दुम्मा बॉर्डर सहित पूरे कांवरिया पथ पर पुलिस बल, दंडाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित की जा सके।
इस वर्ष 55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद
पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोंनु ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की कृपा से ही इस विशाल धार्मिक आयोजन का सफल संचालन संभव होता है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष करीब 53 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए थे, जबकि इस वर्ष 55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के देवघर पहुंचने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि सभी लोग केवल निमित्त मात्र हैं और बाबा के आशीर्वाद से ही यह महापर्व सफलतापूर्वक संपन्न होता है।

मुख्यमंत्री के निर्देशन में हुई व्यापक तैयारियां
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर इस वर्ष श्रावणी मेले की बेहतर तैयारियां की गई हैं। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए प्लास्टिक के उपयोग से बचने का आग्रह किया। साथ ही कांवरिया पथ के किनारे पीसीसी निर्माण और बालू रोकने की विशेष व्यवस्था किए जाने की जानकारी भी दी।
जनप्रतिनिधियों ने की विकास कार्यों की सराहना
विधायक देवेंद्र कुंवर ने कहा कि श्रावणी मेला आस्था और श्रद्धा का महापर्व है तथा बाबा बैद्यनाथ के आशीर्वाद के बिना इसका संचालन संभव नहीं है।
विधायक उदय शंकर सिंह (चुन्ना सिंह) ने मेले की तैयारियों के लिए जिला प्रशासन की सराहना की, जबकि विधायक सुरेश पासवान ने उद्घाटन के दिन सुहावने मौसम को बाबा का आशीर्वाद बताते हुए प्रशासन की व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। उन्होंने देवघर में ओवरब्रिज निर्माण और पर्यटन स्थलों के विकास की आवश्यकता पर भी बल दिया।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
शुभारंभ समारोह में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडे, पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोंनु, विधायक सुरेश पासवान, उदय शंकर सिंह (चुन्ना सिंह), देवेंद्र कुंवर, मेयर रवि राउत, जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक, डीडीसी, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन, खेल पदाधिकारी, झामुमो जिला अध्यक्ष सह मंत्री प्रतिनिधि, बीससूत्री उपाध्यक्ष मुन्नम संजय, अवधेश कुमार, सुरेश साह, उपमहापौर टिप चटर्जी सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग भी समारोह में मौजूद रहे।






