रोहतास में अवैध संबंध का विरोध करने पर पत्नी की हत्या; सूटकेस में भरकर कूड़े में फेंका शव, दो आरोपित गिरफ्तार

Share

रोहतास। बिहार के डेहरी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेशन रोड स्थित सब्जी मंडी के पास ट्रॉली बैग में मिले महिला के शव के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में कुल पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस के अनुसार, जक्की बिगहा निवासी मोहम्मद कयामुद्दीन अंसारी का दूसरी युवती से अवैध संबंध था। इसी कारण उसने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को ट्रॉली बैग में बंद कर सब्जी मंडी के पास कूड़े के ढेर में फेंक दिया। मृतका की पहचान 25 वर्षीय मैरून खातून के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बटघी गांव की निवासी थी। उसकी शादी 5 नवंबर 2022 को डेहरी के जक्की बिगहा निवासी मोहम्मद कयामुद्दीन से हुई थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद रविवार देर शाम मृतका की मां समेत अन्य परिजन सासाराम पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां शव की पहचान की गई। परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष के कई सदस्यों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

मृतका के परिजनों ने बताया कि कयामुद्दीन का उसकी मामी की बहन के साथ अवैध संबंध था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। परिजनों के अनुसार, घटना से एक रात पहले कयामुद्दीन ने फोन कर बताया था कि मैरून खातून घर से भाग गई है। इसी सूचना के बाद मायके पक्ष के लोग उसका इंतजार कर रहे थे, लेकिन बाद में जानकारी मिली कि उसका शव ट्रॉली बैग में बरामद हुआ है।

परिजनों ने यह भी बताया कि इससे पहले कयामुद्दीन की मां की भी उसके देवर द्वारा बेरहमी से हत्या की जा चुकी है, जिससे परिवार का आपराधिक इतिहास सामने आता है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक (एसपी) रौशन कुमार ने बताया कि मृतका के पिता मोहम्मद सरवरी शेख के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें मृतका के पति मोहम्मद कयामुद्दीन अंसारी, उसके चाचा अशरफ शेख मंसूरी, भाई राजू शेख मंसूरी, बहन रशीदा खातून और मामा इरफान आलम को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।

एसपी ने बताया कि नामजद आरोपितों में से राजू शेख मंसूरी और इरफान आलम को गिरफ्तार कर आदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031