रामगढ़, 29 जुलाई — रामगढ़ थाना क्षेत्र के न्यू बगीचा स्थित दामोदर नदी के किनारे बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की तेज धारदार हथियार से चाकू मारकर हत्या की गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान सुमित अग्रवाल के रूप में हुई
मुख्यालय डीएसपी अकरम राजा ने बताया कि दामोदर नदी जाने वाले पीसीसी पथ के किनारे खून से लथपथ शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान झंडा चौक, कुम्हार टोली निवासी सुमित अग्रवाल (पिता- स्व. संतोष अग्रवाल) के रूप में हुई है।
प्रथम दृष्टया पुलिस ने इसे हत्या का मामला बताया है। युवक की हत्या किसी तेज धारदार हथियार से किए जाने की आशंका जताई गई है।
मंगलवार शाम से था लापता
स्थानीय लोगों के अनुसार सुमित अग्रवाल मंगलवार शाम करीब सात बजे से अपने घर से लापता था। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन मोबाइल फोन बंद होने के कारण उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
बुधवार सुबह न्यू बगीचा दामोदर नदी रोड के किनारे स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
डीएसपी अकरम राजा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने की उम्मीद जताई है और हत्या के कारणों तथा इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है।






