AK-47 के साथ पोस्ट कर दी खुली धमकी, पुलिस अलर्ट पर विदेश में बैठकर गैंग ऑपरेट, सोशल मीडिया से दी वारदात की चेतावनी
रांची: रांची में अपराध जगत से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कुख्यात अपराधी राहुल सिंह ने सोशल मीडिया पर AK-47 समेत कई आधुनिक हथियारों की तस्वीर पोस्ट कर खुलेआम धमकी दी है। पोस्ट में उसने लिखा— “वेट करो, माहौल देखने लायक होगा… टारगेट को बात करके मारेंगे और 24 घंटा पहले स्टोरी भी लग जाएगा।” इस पोस्ट के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
इंटरपोल तक पहुंचा मामला
राहुल सिंह के खिलाफ पहले से ही गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी तलाश में इंटरपोल की मदद से ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई झारखंड सीआईडी के अनुरोध पर सीबीआई की सहायता से की गई है। इस नोटिस के जरिए अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां उसकी लोकेशन और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही हैं।
अमन साहू के बाद गैंग की कमान
राहुल सिंह का दावा है कि कुख्यात अपराधी अमन साहू के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद उसने गैंग की कमान संभाल ली है। इसके बाद से उसका नेटवर्क और ज्यादा सक्रिय हो गया है।
कई जिलों में फैला नेटवर्क
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राहुल सिंह का गिरोह पलामू, रांची, रामगढ़, बोकारो, चतरा, हजारीबाग और लातेहार समेत कई जिलों में सक्रिय है। वह विदेश में बैठकर अपने गुर्गों को रंगदारी वसूलने, कोयला कारोबारियों को धमकाने और रेलवे साइडिंग पर हमले के निर्देश देता है।
पुलिस की कार्रवाई तेज
हाल के दिनों में पुलिस ने उसके कई गुर्गों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अधिकारियों का कहना है कि ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद उसकी गिरफ्तारी की संभावना बढ़ गई है। इससे राज्य में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी मदद मिलने की उम्मीद है।





