रांची के JPSC-JSSC आंदोलन स्थल पर एयर गन लेकर पहुंचा युवक, पुलिस को देखते ही भागा; हिरासत में लेकर दस्तावेजों की जांच शुरू

Share

रांची: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक एयर गन लेकर आंदोलन स्थल के पास पहुंच गया। पुलिस की नजर पड़ते ही युवक वहां से भागने लगा, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया।

एयर गन लेकर पहुंचने से मची अफरा-तफरी

पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर एयर गन अपने कब्जे में ले ली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान पप्पू सम्राट के रूप में हुई है, जो हजारीबाग का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के बाद कुछ देर के लिए आंदोलन स्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

कोतवाली थाना पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह एयर गन लेकर प्रदर्शन स्थल तक क्यों पहुंचा था।

खुद को बताया शूटिंग का नेशनल प्लेयर

पूछताछ के दौरान पप्पू सम्राट ने खुद को शूटिंग का नेशनल प्लेयर बताया। उसका दावा है कि वह एयर गन लेकर शूटिंग की प्रैक्टिस के सिलसिले में रांची आया था। इसी दौरान वह छात्रों के आंदोलन स्थल के पास पहुंच गया।

युवक ने पुलिस को बताया कि उसने स्टेडियम में किसी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि नहीं की। उसके अनुसार, पुलिस ने एयर गन को सुरक्षित रखने के लिए अपने कब्जे में लिया है।

दस्तावेजों की भी जांच कर रही पुलिस

पुलिस अब युवक के दावों की भी जांच कर रही है। एयर गन से संबंधित दस्तावेजों और उसे रखने की वजह की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगा रही है कि युवक रांची कब और किस उद्देश्य से आया था।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

JPSC-JSSC आंदोलन के दौरान स्टेडियम में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद हैं और सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। ऐसे में एयर गन लेकर युवक के आंदोलन स्थल के पास पहुंचने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कोतवाली थाना पुलिस के मुताबिक, युवक से पूछताछ जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि एयर गन लेकर आंदोलन स्थल के पास पहुंचने के पीछे उसकी वास्तविक मंशा क्या थी और मामले में आगे किस तरह की कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930