यूपी में 48 घंटे से बारिश का तांडव, 15 लोगों की मौत और 117 मकान क्षतिग्रस्त, 63 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश

Share

लखनऊ, 26 सितंबर । उत्तर प्रदेश में पिछले करीब 48 घंटे से जारी भारी बारिश और आंधी-तूफान के चलते विभिन्न हादसों में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 117 कच्चे एवं जर्जर मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस दौरान पांच लोग घायल और चार पशुओं के मारे जाने की भी सूचना है। मौसम को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है।

63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश

राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने बताया कि प्रदेश के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। पूरे प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान सामान्य से करीब 19 गुना अधिक बारिश हुई है।

फर्रुखाबाद में सामान्य से कई गुना अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि कानपुर नगर, कन्नौज, कानपुर देहात और हरदोई में भी सामान्य से कई गुना अधिक वर्षा हुई। भदोही, देवरिया और अलीगढ़ में सामान्य बारिश दर्ज की गई, जबकि गाजीपुर में सबसे कम बारिश हुई। बागपत, गाजियाबाद, मथुरा, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, गौतमबुद्धनगर और हापुड़ में बारिश नहीं हुई।

राहत आयुक्त ने प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

लखीमपुर खीरी में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

जनहानि के मामले अमेठी, बहराइच, बांदा, बाराबंकी, बस्ती, फतेहपुर, हमीरपुर, हरदोई और कानपुर नगर में एक-एक, अयोध्या में दो तथा लखीमपुर खीरी में चार दर्ज किए गए हैं।

लखीमपुर खीरी के नीमगांव क्षेत्र के रहमतपुर गांव में बारिश के दौरान कच्चा मकान गिरने से पति-पत्नी और उनके बेटे की मलबे में दबकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर तीनों के शव बाहर निकाले।

हमीरपुर के सरीला तहसील क्षेत्र के जलालपुर थाना अंतर्गत भेड़ी डांडा गांव में पुराने मकान की छत गिरने से करीब 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बहराइच के कैसरगंज क्षेत्र में छप्पर गिरने से एक अधेड़ महिला की जान चली गई। संतकबीरनगर में तेज बारिश के दौरान पेड़ गिरने से बाइक सवार करीब 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।

कई जिलों में मकान क्षतिग्रस्त

अतिवृष्टि और आंधी-तूफान के कारण अमेठी, फर्रुखाबाद, कासगंज, मैनपुरी, बलिया, बलरामपुर, प्रतापगढ़, संतकबीरनगर, वाराणसी, गाजीपुर, कानपुर देहात, बहराइच, सुल्तानपुर, औरैया, पीलीभीत, जालौन, बांदा और हरदोई में मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।

जालौन में 21, बांदा में 32 और हरदोई में 14 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।

27 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान

लखनऊ स्थित मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार प्रदेश में कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं, जिससे वातावरण में नमी बढ़ी है और बारिश का दौर बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि शनिवार रात भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 27 सितंबर को भी कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

खराब मौसम से हेलिकॉप्टर और उड़ानें प्रभावित

काशी में खराब मौसम के कारण उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इसके बाद उन्हें सड़क मार्ग से कार के जरिए गाजीपुर के कार्यक्रम के लिए रवाना होना पड़ा।

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी कम दृश्यता का असर विमान संचालन पर पड़ा। छह उड़ानों को लखनऊ में लैंड नहीं कराया जा सका और उन्हें दिल्ली तथा नोएडा एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया।

हैदराबाद से आई इंडिगो की उड़ान को दिल्ली, जबकि गोवा और इंदौर से आई इंडिगो की उड़ानों को नोएडा डायवर्ट किया गया। बेंगलुरु से आई इंडिगो की उड़ान और एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को भी दिल्ली भेजा गया। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

लखनऊ में बारिश और जलभराव के लिए हेल्पलाइन जारी

लखनऊ नगर निगम ने बारिश और जलभराव से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम का टोल फ्री नंबर 1533 जारी किया है। इसके अलावा नागरिक 9219902911, 9219902912, 9219902913 और 9219902914 पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि जलभराव, पेड़ गिरने या अन्य किसी समस्या की जानकारी तत्काल कंट्रोल रूम को दें, ताकि संबंधित टीम को मौके पर भेजकर कार्रवाई की जा सके।

कानपुर में चेतावनी स्तर के करीब पहुंची गंगा

कानपुर बाढ़ नियंत्रण कार्यालय के अनुसार शनिवार सुबह आठ बजे कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम में गंगा का जलस्तर 113.800 मीटर और डाउनस्ट्रीम में 112.340 मीटर दर्ज किया गया। यहां चेतावनी स्तर 114 मीटर है। बैराज से 91,945 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था।

शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 110.970 मीटर रहा। हरिद्वार बैराज से 44,549 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 17,294 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना है।

कानपुर के चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक एसएम सुनील पांडे ने बताया कि कई मौसमी प्रणालियों के सक्रिय होने और वातावरण में नमी बढ़ने के कारण कानपुर समेत पूरे प्रदेश में बारिश हो रही है। अगले 24 घंटे बारिश जारी रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम में सुधार की उम्मीद है और सोमवार से बारिश में राहत मिल सकती है।

औरैया में यमुना का जलस्तर घटने लगा

औरैया में यमुना का जलस्तर 103.200 मीटर दर्ज किया गया और इसमें कमी का रुख रहा। जिले में 130.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यमुना का चेतावनी स्तर 112 मीटर और खतरे का स्तर 113 मीटर है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे नहीं रुकने तथा जर्जर मकानों से दूर रहने की अपील की है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930