युवराज सिंह की बायोपिक पर बड़ा अपडेट, अगले साल शुरू हो सकती है फिल्म की शूटिंग

Share

—पिछले छह महीने से पटकथा पर चल रहा काम, क्रिकेट करियर और कैंसर से जंग की कहानी बड़े पर्दे पर आएगी नजर

मुंबई, 31 अक्टूबर । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने अपनी बहुप्रतीक्षित बायोपिक को लेकर अहम जानकारी साझा की है। मैदान पर अपने दमदार प्रदर्शन से पहचान बनाने वाले युवराज ने बताया कि उनकी जिंदगी पर बनने वाली फिल्म की पटकथा पर पिछले छह महीनों से काम चल रहा है। उम्मीद है कि अगले 9 से 12 महीनों में स्क्रिप्ट पूरी हो जाएगी और सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो अगले साल फिल्म की शूटिंग शुरू हो सकती है।

भूषण कुमार और रवि भगचांदका कर रहे निर्माण

युवराज की बायोपिक का निर्माण भूषण कुमार और ‘सचिन: ए बिलियन ड्रीम्स’ के निर्माता रवि भगचांदका कर रहे हैं। फिल्म में युवराज के शानदार क्रिकेट करियर के साथ उनके संघर्ष और निजी जीवन के कई अनदेखे पहलुओं को भी दिखाए जाने की उम्मीद है।

कैंसर से लड़ाई के दिनों को किया याद

एक साक्षात्कार में युवराज ने अपने क्रिकेट करियर, फिटनेस और कैंसर से लड़ाई के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य से बढ़कर कुछ नहीं है। युवराज ने बताया कि एक समय वह अपनी बीमारी के बारे में बात करने से डरते थे, क्योंकि उन्हें आशंका थी कि इससे उनका क्रिकेट करियर खत्म हो सकता है।

हालांकि, बीमारी से जंग जीतकर मैदान पर वापसी करने का उनका सफर आज कई लोगों के लिए प्रेरणा बन चुका है।

मानसिक स्वास्थ्य को बताया बेहद जरूरी

युवराज ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर भी जोर दिया। उनका कहना है कि मुश्किल समय में अपनी परेशानियां परिवार और दोस्तों के साथ साझा करनी चाहिए। अपनों से बातचीत करने से कठिन परिस्थितियों का सामना करने की ताकत मिलती है।

क्रिकेट के यादगार रिकॉर्ड भी होंगे कहानी का हिस्सा

युवराज सिंह ने अपने क्रिकेट करियर में कई यादगार उपलब्धियां हासिल की हैं। 2007 के टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में छह छक्के लगाकर उन्होंने इतिहास रचा था। इसके बाद 2011 के विश्व कप में भी वह भारतीय टीम की खिताबी जीत के प्रमुख नायकों में शामिल रहे।

इसी दौरान कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से उनकी लड़ाई ने उनके जीवन को नया मोड़ दिया। अब उनकी बायोपिक के जरिए क्रिकेट की उपलब्धियों, संघर्ष और निजी जीवन के अनछुए पहलुओं को बड़े पर्दे पर पेश किए जाने की तैयारी है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30