मोरहाबादी में स्वतंत्रता दिवस का फुल ड्रेस रिहर्सल, 14 प्लाटूनों ने दिखाया दम, 15 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे ध्वजारोहण

Share

रांची: स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर रांची के मोरहाबादी मैदान में गुरुवार को फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया। 15 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मोरहाबादी मैदान में ध्वजारोहण करेंगे। समारोह में सुरक्षा बलों और पुलिस की कुल 14 टुकड़ियां परेड में हिस्सा लेंगी।

रिहर्सल के दौरान जवानों ने कदमताल, परेड और सलामी का अभ्यास किया। पुलिस बैंड ने भी अपनी प्रस्तुति दी। रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन की निगरानी में राष्ट्रगान समेत समारोह की सभी औपचारिक गतिविधियों का पूर्वाभ्यास कराया गया।

14 टुकड़ियां लेंगी परेड में हिस्सा

मोरहाबादी मैदान में होने वाली परेड में सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, सीआईएसएफ, ओडिशा पुलिस, झारखंड जगुआर, जैप-1, जैप-2, जैप-10, रांची जिला पुलिस की पुरुष और महिला टुकड़ियां, झारखंड गृहरक्षा वाहिनी तथा एनसीसी की गर्ल्स और बॉयज टुकड़ियां शामिल होंगी।

जैप-1, जैप-10 और झारखंड गृहरक्षा वाहिनी की बैंड पार्टियां भी समारोह में प्रस्तुति देंगी।

परेड में 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राघवेंद्र शर्मा फर्स्ट इन कमांड की भूमिका में होंगे। वहीं परिचारी प्रवर द्वितीय अनिश मोमित कुजूर सेकेंड इन कमांड की जिम्मेदारी संभालेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता

फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद अधिकारियों और जवानों की संयुक्त ब्रीफिंग भी हुई। डीसी मंजूनाथ भजंत्री, एसएसपी राकेश रंजन, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने समारोह में आने वाले लोगों की सघन जांच करने और आपत्तिजनक सामग्री के साथ किसी को प्रवेश नहीं देने का निर्देश दिया। मुख्य अतिथियों के आगमन से लेकर उनके प्रस्थान तक व्यवस्था को समयबद्ध रखने को कहा गया है।

आम लोगों के ड्रोन उड़ाने पर रोक

सुरक्षा के मद्देनजर मोरहाबादी मैदान में आम लोगों के ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। केवल विभाग की ओर से अधिकृत ड्रोन से ही फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की अनुमति होगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930