मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मांडर–चान्हो में चार विकास योजनाओं की रखी आधारशिला

Share

रांची। झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सोमवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के मांडर और चान्हो प्रखंड में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) एवं सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद से बनने वाली चार विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।

मांडर प्रखंड में मंत्री ने डीएमएफटी मद से सरकारी मिडिल स्कूल में आठ नए वर्ग कक्षों के निर्माण तथा झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय, मांडर में तीन अतिरिक्त कमरों के निर्माण की योजना का शिलान्यास किया। वहीं चान्हो प्रखंड में सीसीएल के सीएसआर मद से राजकीय मध्य उत्क्रमित विद्यालय हूटार में सोलर पावर डीप बोरिंग एवं डायनिंग शेड निर्माण तथा डीएमएफटी मद से राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चान्हो में आठ नए कक्षों के निर्माण की योजना की आधारशिला रखी गई।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विद्यालयों में कक्षा कक्षों एवं बुनियादी सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि डीएमएफटी मद का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, ताकि इसका सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचे।

मंत्री ने शिक्षा को विकसित समाज की आधारशिला बताते हुए कहा कि बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था से छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ता है और अनुशासन के साथ अध्ययन करने से सफलता सुनिश्चित होती है।

चान्हो प्रखंड में योजनाओं के शिलान्यास के उपरांत मंत्री ने “उल्लास नव भारत साक्षरता अभियान” के तहत अभिभावकों के बीच साक्षरता प्रमाण पत्र भी वितरित किए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उल्लास योजना के माध्यम से वयस्क एवं निरक्षर लोगों को शिक्षा से जोड़कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया जा रहा है। साक्षरता बढ़ने से सामाजिक जागरूकता में वृद्धि होती है और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में भी सहूलियत मिलती है।

इसके पश्चात मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मांडर प्रखंड के लोयो गांव पहुंचीं, जहां उन्होंने चर्च के स्थापना दिवस समारोह में भाग लिया।शिलान्यास कार्यकर्मों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।-

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
February 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
232425262728