–डीआरडीओ ने परखी क्षमता
नई दिल्ली, 08 जुलाई । भारत ने बुधवार को ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (आईटीआर) में स्वदेशी पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट का सफल फ्लाइट टेस्ट किया। परीक्षण के दौरान रॉकेट को न्यूनतम 60 किलोमीटर की निर्धारित दूरी तक दागा गया, जहां उसने सभी निर्धारित मानकों का पालन करते हुए लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाया।
सभी तकनीकी मानकों पर खरा उतरा रॉकेट
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के अनुसार, परीक्षण के दौरान लगाए गए सभी ट्रैकिंग उपकरणों ने पूरी उड़ान के दौरान रॉकेट की गतिविधियों की सफलतापूर्वक निगरानी की। परीक्षण में रॉकेट का प्रदर्शन सभी तकनीकी और परिचालन मानकों के अनुरूप रहा।
मौजूदा पिनाका लॉन्चर से किया गया प्रक्षेपण
डीआरडीओ ने बताया कि फ्लाइट ट्रायल का समन्वय इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (आईटीआर) और प्रूफ एंड एक्सपेरिमेंटल एस्टेब्लिशमेंट (पीएक्सई) ने किया। रॉकेट को सेना में पहले से इस्तेमाल हो रहे पिनाका लॉन्चर से दागा गया, जिससे यह साबित हुआ कि एक ही लॉन्चर से पिनाका के विभिन्न रेंज वाले संस्करणों का संचालन संभव है।
रक्षा मंत्री ने दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सफल परीक्षण के लिए डीआरडीओ, भारतीय सेना और रक्षा उद्योग से जुड़े सभी सहयोगियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि लंबी दूरी के गाइडेड रॉकेट के स्वदेशी डिजाइन और विकास क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
डीआरडीओ प्रमुख ने भी सराहा
रक्षा सचिव तथा डीआरडीओ के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने भी परीक्षण की निगरानी की और सफल फ्लाइट टेस्ट से जुड़ी सभी वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और अन्य टीमों को बधाई देते हुए इसे देश की रक्षा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।






