भागलपुर। जिले के तातारपुर थाना क्षेत्र से एक विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर ससुराल और मायके दोनों पक्षों में चिंता और बेचैनी का माहौल है। वहीं पीड़ित परिवार पुलिस की उदासीनता से भी काफी परेशान है। लापता महिला करिश्मा देवी है।
करिश्मा की सास ललिता देवी ने बताया कि उनके बेटे ने लव मैरिज की थी। शादी के बाद से ही करिश्मा अधिकतर समय अपने मायके में ही रहती थी। हाल ही में भागलपुर में एक रिश्तेदार की शादी थी, जिसमें वह अपने बच्चों के साथ शामिल होने आई थी। शादी समारोह समाप्त होने के बाद करिश्मा ने कहा कि वह अपने मायके उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जा रही है। इसी भरोसे पर सास और देवर ने उसे ट्रेन पर बैठाया। बताया गया कि उस समय करिश्मा के पास करीब 10 हजार रुपये नकद और कुछ सोने-चांदी के जेवरात भी थे।
परिवार का कहना है कि ट्रेन नाथनगर तक भी नहीं पहुंची होगी कि करिश्मा ने ससुराल पक्ष के सभी मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिए। इसके बाद से आज तक उससे कोई संपर्क नहीं हो सका है। न तो वह अपने मायके पहुंची और न ही वापस ससुराल लौटी। मामले की जानकारी सास द्वारा करिश्मा के मायके वालों को भी दी गई है। मायके पक्ष भी इस घटना से हैरान और परेशान है। दोनों परिवारों को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है।
पीड़ित परिवार ने तातारपुर थाना में इसकी सूचना दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस लगातार मामले को टाल रही है और कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। परिवार का कहना है कि कई बार थाने के चक्कर लगाने के बावजूद सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है।





