भागलपुर में सोलर मेले में उमड़ी भीड़, 111 उपभोक्ताओं ने कराया पंजीकरण, शून्य बिजली बिल वालों को किया गया सम्मानित

Share

भागलपुर, 18 अगस्त । शहर के टाउन हॉल में मंगलवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय सोलर-सह-लोन मेले का आयोजन किया गया। मेले का मुख्य उद्देश्य लोगों को सौर ऊर्जा के फायदे बताना और उन्हें अपने घरों पर सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव और भागलपुर विधानसभा के विधायक रोहित पांडेय सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ बिजली खर्च कम करने का प्रभावी माध्यम है। मेले में बिजली विभाग के अभियंताओं ने उपभोक्ताओं की तकनीकी शंकाओं का समाधान किया और सोलर पैनल लगाने के लिए आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली बिल शून्य करने वाले उपभोक्ताओं को सम्मानित भी किया गया।

मौके पर 111 उपभोक्ताओं ने कराया पंजीकरण

मेले में लोगों को ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसका लाभ उठाते हुए कुल 111 उपभोक्ताओं ने सोलर पैनल लगवाने के लिए पंजीकरण कराया। वहीं, मौके पर पांच उपभोक्ताओं के लोन को मंजूरी दी गई। पहले से स्वीकृत पांच अन्य लोन से संबंधित तकनीकी समस्याओं का समाधान कर राशि सीधे लाभुकों के खातों में ट्रांसफर की गई।

अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को तीन किलोवाट तक का सोलर पैनल लगाने पर केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार की ओर से 20 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। इस तरह पात्र उपभोक्ताओं को कुल 98 हजार रुपये तक की सहायता मिल सकती है।

सोलर कंपनियों और बैंकों ने लगाए स्टॉल

मेले में विभिन्न सोलर कंपनियों और बैंकों की ओर से स्टॉल लगाए गए थे। यहां लोगों को सोलर पैनल की तकनीकी जानकारी, आवेदन प्रक्रिया, सब्सिडी और आसान किस्तों पर उपलब्ध लोन की जानकारी दी गई।

आयोजकों के अनुसार, मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक पहुंचे और सौर ऊर्जा को अपनाने में रुचि दिखाई। अधिकारियों ने लोगों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाकर अपने घरों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की अपील की।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031