भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मिले मंत्री अशोक चौधरी, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का दिया भरोसा

Share

पटना/भोजपुर: बिहार सरकार के खाद्य सुरक्षा एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी रविवार को भोजपुर जिले के बिलौटी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। मंत्री ने स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी, माता आशा देवी तथा अन्य परिजनों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस मामले की न्यायिक जांच पूरी निष्पक्षता के साथ करा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अशोक चौधरी ने कहा कि परिवार इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखे और सरकार द्वारा कराई जा रही न्यायिक जांच पर विश्वास रखे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा पूरे मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।

परिजनों से बातचीत के दौरान मंत्री ने अपील की कि इस दुखद घटना को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ अपमानजनक अथवा असंसदीय भाषा का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों में सभी पक्षों को संयम और मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।

मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं जद(यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने वर्षों के प्रयास से हिंसा और भय के दौर से निकलकर विकास और सुशासन की दिशा में लंबी यात्रा तय की है। उन्होंने कहा कि राज्य में शांति, कानून का राज और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार कानून के शासन और सामाजिक समरसता के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस दौरान अशोक चौधरी ने महात्मा गांधी के विचार “ईश्वर का कोई धर्म नहीं” तथा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के कथन “जीवन लंबा नहीं, महान होना चाहिए” का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज को न्याय, सद्भाव और मानवीय मूल्यों के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने नीतीश कुमार के कथन “पूरा बिहार मेरा परिवार” का भी जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर नागरिक के सुख-दुख में उसके साथ खड़ी है।

इस अवसर पर महावीर चौधरी फाउंडेशन के सचिव सैयद सलमान हुसैन और विधायक अरुण मांझी ने फाउंडेशन की ओर से दिवंगत भरत भूषण तिवारी के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।

बिलौटी गांव के दौरे के बाद मंत्री अशोक चौधरी जवईनिया गांव भी पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय दलित और महादलित विस्थापित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि इन परिवारों की सामाजिक और आर्थिक समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान विधायक अरुण मांझी, शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन सैयद सलमान हुसैन, बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव अरविंद कुमार सिंह (छोटू सिंह), अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य रुबेल रविदास, जद(यू) नेता परिमल राज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031