बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र स्थित कर्नल मार्केट के रांची मोहल्ले में एक दर्दनाक हादसे में साढ़े तीन वर्षीय बच्चे की गोली लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खेल-खेल में बच्चे को असली हथियार थमा दिया गया था। इसी दौरान ट्रिगर दबने से गोली चल गई और बच्चे के सिर में जा लगी। घटना के बाद से बच्चे का मामा फरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिर में गोली लगने से गई जान
माराफारी थाना प्रभारी संजय कुमार के अनुसार, राजेश कुमार ने खेल-खेल में अपने साढ़े तीन वर्षीय भगिने साहिल कुमार को असली हथियार थमा दिया था। इसी दौरान गलती से ट्रिगर दब गया और गोली बच्चे के सिर में लग गई। गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मामा फरार
घटना के बाद बच्चे का मामा राजेश कुमार फरार हो गया है। वहीं, परिवार के लोगों ने इस मामले में फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। घटना के बाद इलाके में भय और शोक का माहौल है।
हथियार लाइसेंसी था या नहीं, जांच जारी
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। जांच की जा रही है कि हथियार से गोली किन परिस्थितियों में चली। साथ ही, पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या गैर-लाइसेंसी। जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।






